राम मंदिर निर्माण की गति में तेजी : बढ़ाई गई मजूदरों की संख्या, अप्रैल 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य

UPT | राम मंदिर

Aug 03, 2024 21:40

राम मंदिर निर्माण के कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में, परकोटा निर्माण की गति को बढ़ाने के लिए 200 अतिरिक्त मजदूरों को नियुक्त किया गया है।

Ayodhya News : राम मंदिर निर्माण के कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में, परकोटा निर्माण की गति को बढ़ाने के लिए 200 अतिरिक्त मजदूरों को नियुक्त किया गया है। परकोटा का निर्माण कार्य अप्रैल 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मजदूरों की कमी से हुई थी धीमी गति
750 मीटर लंबे और 14 फीट ऊंचे परकोटे में कुल आठ लाख क्यूबिक फीट पत्थर लगने हैं। अब तक करीब 4.25 लाख क्यूबिक फीट पत्थर ही लगाए जा सके हैं। मौसम की प्रतिकूलता और मजदूरों की कमी के चलते परकोटा निर्माण की गति धीमी हो गई थी। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने भी निर्माण की धीमी गति पर चिंता व्यक्त की थी।

बढ़ाई गई मजूदरों की संख्या
अब मजदूरों की संख्या बढ़ाकर काम की गति तेज कर दी गई है। परकोटा निर्माण का कार्य 50 फीसदी पूरा हो चुका है। सात फीट ऊंचाई तक पत्थर लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा, छह लाख क्यूबिक फीट पत्थर भी आ चुके हैं। परकोटे में बन रहे छह मंदिरों का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। माता भगवती के मंदिर का निर्माण कार्य तेज हो गया है। वहीं, राम मंदिर निर्माण के लिए भी जल्द ही मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।



मंदिर के शिखर में लग सकता है समय
समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र ने कहा कि राम मंदिर निर्माण पूरा करने का लक्ष्य दिसंबर 2024 है। सबसे बड़ी चुनौती शिखर के निर्माण की है। शिखर का निर्माण तभी हो सकता है जब द्वितीय तल का निर्माण पूरा हो जाए और द्वितीय तल के जो डोम हैं, वे पूरे हो जाएं।

हो सकता है दो महीने का विलंब
उन्होंने बताया कि इन दिनों जिस गति से निर्माण कार्य हो रहा है, अगर उसी गति से निर्माण कार्य चलता रहा तो राम मंदिर निर्माण में दो महीने का विलंब हो सकता है। एलएनटी को निर्देश दिया गया था कि वे मजदूरों की संख्या बढ़ाएं। राम मंदिर निर्माण की गति जो अपेक्षित है, वह पिछले तीन माह में कम हो गई है। मजदूरों की संख्या में बहुत बड़ी कमी है। अगर 200 से 250 मजदूर अधिक नहीं बढ़ाए गए तो निश्चित ही हम दिसंबर में कार्य पूरा नहीं कर पाएंगे। राम मंदिर निर्माण के कार्य को समय पर पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन और मंदिर निर्माण समिति ने निर्माण की गति बढ़ाने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं ताकि मंदिर निर्माण का लक्ष्य समय पर पूरा हो सके।

Also Read