संस्कृति और विरासत का अनोखा संगम : अयोध्या में बनेगा विश्वस्तरीय भारतीय मंदिर संग्रहालय, 750 करोड़ में टाटा करेगा निर्माण

UPT | symbolic

Jun 26, 2024 09:24

उत्तर प्रदेश सरकार ने एक परियोजना को मंजूरी दी है, जिसके तहत 750 करोड़ रुपये की लागत से एक विश्वस्तरीय भारतीय मंदिर संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा।

Ayodhya News : उत्तर प्रदेश के रामनगरी अयोध्या में एक नया आकर्षण जुड़ने जा रहा है। राज्य सरकार ने एक परियोजना को मंजूरी दी है, जिसके तहत 750 करोड़ रुपये की लागत से एक विश्वस्तरीय भारतीय मंदिर संग्रहालय का निर्माण किया जाएगा। यह संग्रहालय न केवल भारतीय संस्कृति और धर्म का प्रतीक होगा, बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण केंद्र भी बनेगा।

25 एकड़ भूमि में बनेगा संग्रहालय
इस परियोजना के लिए राज्य सरकार ने 25 एकड़ भूमि आवंटित की है, जो राम की पैड़ी से गुप्तार घाट के पास स्थित है। यह भूमि पर्यटन विभाग द्वारा नाममात्र की लीज पर दी जाएगी, जिसकी अवधि पहले 90 वर्ष और फिर अगले 90 वर्ष के लिए निर्धारित की गई है। इस महत्वपूर्ण निर्णय को राज्य मंत्रिमंडल ने अपनी सहमति प्रदान कर दी है।



टाटा करेगा संग्रहालय का निर्माण
संग्रहालय के निर्माण का दायित्व टाटा संस को सौंपा गया है, जो अपने कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी (सीएसआर) फंड से इस परियोजना को साकार करेगा। टाटा द्वारा लगभग 650 करोड़ रुपये आधारभूत संरचना और सुविधाओं पर खर्च किए जाएंगे, जो इस संग्रहालय को विश्वस्तरीय बनाने में मदद करेंगे।

इनकी होगी संग्रहालय में प्रदर्शनी
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, यह संग्रहालय भारतीय संस्कृति के मूल से लेकर आधुनिक काल तक की समग्र जानकारी प्रदान करेगा। यहाँ पौराणिक कथाओं और तथ्यों के साथ-साथ उनके आधुनिक संदर्भ भी प्रस्तुत किए जाएंगे। इससे युवाओं, विदेशी पर्यटकों और भारतीय संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी। संग्रहालय में वेदों, रामायण, मंदिर वास्तुकला, और पूजा पद्धतियों से संबंधित विस्तृत जानकारी और प्रदर्शनियां होंगी।

Also Read