Azamgarh News : पीसीएस अधिकारी आलोक कुमार सिंह ने की आत्महत्या, फंदे से लटकता मिला शव

UPT | प्रतीकात्मक फोटो

Apr 15, 2024 18:24

आजमगढ़ में PCS अधिकारी आलोक कुमार सिंह ने सुसाइड कर लिया। घर में उनकी लाश फंदे से लटकती मिली। आलोक सिंह गाजीपुर नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी (EO) के पद पर तैनात थे। वह साल 2003...

Short Highlights
  • 15 दिन की छुट्टी पर घर आए थे घर
  • गाजीपुर नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी (EO) के पद पर थे तैनात
Azamgarh News : आजमगढ़ में PCS अधिकारी आलोक कुमार सिंह ने सुसाइड कर लिया। घर में उनकी लाश फंदे से लटकती मिली। आलोक सिंह गाजीपुर नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी (EO) के पद पर तैनात थे। वह साल 2003 बैच के PCS अधिकारी थे। परिवार वालों का कहना है कि आलोक सिंह की पत्नी प्रभा सिंह की एक साल पहले मौत हो गई थी, तभी से वह परेशान रहते थे। कुछ दिन पहले 15 दिन की छुट्टी पर घर आए थे। वहीं अधिकारी की मौत के बाद गाजीपुर की जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने गाजीपुर के रायफल क्लब में उन्हे श्रद्धांजलि दी।

क्या है पूरा मामला
घर वालों ने बताया कि आलोक रविवार की रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। इसी बीच घर वालों ने उनके लिए पीने का पानी रखना चाहा। इसके लिए वे लोग दरवाजे पर आकर आवाज देने लगे। इसके साथ ही काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी गेट नहीं खुला। तब घर वालों से शोर मचाया। इस पर आसपास के लोग भी पहुंच गए। इसी बीच परिवार वालों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर बूढ़नपुर थाने की पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। आलोक सिंह का शव पंखे से साड़ी के फंदे पर लटकता मिला। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

2 भाईयों में बड़े थे आलोक
बूढ़नपुर के वार्ड नंबर 6 के रहने वाले आनंद शंकर सिंह के 2 बेटों में आलोक बड़े थे। उनके छोटे भाई का नाम भीष्म नारायण सिंह बूढ़नपुर नगर पालिका में संविदा पर कर्मचारी हैं। आलोक के पिता अंबेडकर नगर जिले के एक जूनियर हाईस्कूल में सहायक अध्यापक के पद से 2 साल पहले रिटायर हुए हैं।आलोक की शादी वाराणसी की रहने वाली प्रभा सिंह के साथ साल 2006 में हुई थी।

पत्नी की मौत के बाद दोनों बेटियां ननिहाल चली गई
घर वालों ने बताया कि आलोक की पत्नी की मौत के बाद दोनों बेटियां आजमगढ़ से वाराणसी अपने ननिहाल चली गईं। वाराणसी के मौलवी बाग में अपने नाना के घर रहकर दोनों पढ़ाई करती हैं। आलोक कुमार सिंह को दो जुड़वां बेटियां अस्ति और प्रशस्ति हैं। दोनों की उम्र 15 साल बताई जा रही है। परिवार के लोगों से बताया कि जब से पत्नी की मौत हुई थी, तब से आलोक कुमार सिंह मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता था।

Also Read