Ballia News :  सपा के सनातन पांडेय ने भाजपा के नीरज को चटाई धूल, 90 हजार के अंतर से की जीत दर्ज

UPT | सनातन पांडेय

Jun 04, 2024 23:45

बलिया लोकसभा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी एवं पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर को सपा प्रत्याशी सनातन पांडेय से करारी हार का सामना करना पड़ा। सनातन पांडेय ने नीरज शेखर को लगभग 90 हजार मतों से पराजित किया।

Short Highlights
  • सपा ने भाजपा के हैट्रिक लगाने के सपने को किया चकनाचूर
     
Ballia News : बलिया लोकसभा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी एवं पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर को सपा प्रत्याशी सनातन पांडेय से करारी हार का सामना करना पड़ा। सनातन पांडेय ने नीरज शेखर को लगभग 90 हजार मतों से पराजित किया। पिछले लोकसभा चुनाव में सनातन पांडेय को भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह मस्त से लगभग 15 हजार मतों से पराजित होना पड़ा था। लेकिन इस बार उन्होंने भाजपा के नीरज शेखर को धूल चटाकर अपनी हार का बदला ले लिया। इस सीट पर भाजपा के हैट्रिक लगाने के सपने को भी सनातन पांडेय ने चकनाचूर कर दिया।

बसपा प्रत्याशी लड़ाई से एक दम बाहर दिखा।
नगर के परिखरा स्थित मंडी समिति में मंगलवार को सुबह आठ बजे पोस्टल बैलेट के साथ मतगणना शुरू हुई। मतगणना के लिए विधानसभावार अलग-अलग टेबल लगाए गए थे। हालांकि पहला रुझान काफी देर से प्राप्त हुआ। मतगणना के शुरुआत से ही सपा प्रत्याशी ने अपने प्रतिद्वंद्वी पर बढ़त बनाए रखी। राउंड दर राउंड सपा प्रत्याशी की बढ़त लंबी होती गई। कुछ एक राउंड में ही भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर सपा प्रत्याशी की बढ़त कम करते नजर आए, लेकिन वो नाकाफी साबित हुआ। सिर्फ बलिया नगर विधानसभा को छोड़ दें  तो सपा प्रत्याशी को बलिया के बैरिया, फेफना और गाजीपुर के जहूराबाद और मोहम्मदाबाद विधानसभा में अच्छे-खासे मत मिले। बसपा प्रत्याशी लड़ाई से एक दम बाहर दिखा। शुरू से ही उसे लड़ाई से बाहर माना जा रहा था।

भाजपा को भुगतना पड़ा भितरघात का खामियाजा
 भाजपा ने बलिया लोकसभा सीट पर जीत दर्ज करने के लिए अपना पूरा जोर लगाया था। यहां के सीटिंग एमपी वीरेंद्र सिंह मस्त का टिकट काटकर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र को टिकट दिया गया। इसके बाद भी भाजपा सत्ता विरोधी लहर से पार नहीं पा सकी। बलिया, बैरिया और फेफना विधानसभा में पार्टी को भितरघात का भी खामियाजा उठाना पड़ा।

हैट्रिक लगाने का सपना हुआ चूर-चूर
जनपद के नेताओं की आपसी खींचतान ने भी भाजपा को काफी नुकसान पहुंचाया। वर्ष 2014 में भाजपा के भरत सिंह ने 359,758 मत पाकर सपा के नीरज शेखर को 139,434 मतों से हराया था। 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के वीरेंद्र सिंह मस्त ने 469,114 मत पाकर सपा के सनातन पांडेय को 15,519 मतों से हराया था। लगातार दो चुनाव जीतने वाली भाजपा का बलिया लोकसभा सीट से हैट्रिक लगाने का सपना भी धरा का धरा रह गया। इस बार भाजपा के अंदरखाने खटास एवं बाहर जनता का समर्थन न मिलने से पार्टी को खामियाजा उठाना पड़ा।

Also Read