Ballia News : पूर्व विधायक सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जानिए क्या है मामला

UPT | प्रतीकात्मक फोटो

May 31, 2024 02:04

बैरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्णछपरा गांव के सामने एनएच- 31 पर राघव सिंह के डेरा के पास बुधवार को हुई मारपीट के मामले में कर्ण छपरा निवासी संतोष कुमार सिंह की तहरीर पर...

Ballia News : बैरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कर्णछपरा गांव के सामने एनएच- 31 पर राघव सिंह के डेरा के पास बुधवार को हुई मारपीट के मामले में कर्ण छपरा निवासी संतोष कुमार सिंह की तहरीर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह सहित सात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

सड़क पर लगे जाम के दौरान हुआ था विवाद
राष्ट्रीय राजमार्ग -31 पर कर्ण छपरा गांव के सामने राघव सिंह के डेरा के पास बुधवार को कर्ण छपरा गांव के दो युवकों के साथ पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह की मौजूदगी में उनके समर्थकों द्वारा गाली गलौज करने और मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोप है कि भारतीय सेना के जवान ऋतुराज सिंह और देवेश सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग- 31 पर एक पिकअप द्वारा गलत तरीके से पास लेकर आपत्ति जताई। पिकअप के रोकने से उसके पीछे आ रहे कई वाहन सड़क पर रुक गए। इससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।

मारपीट के बाद ग्रामीणों ने लगाया जाम
आरोप है कि उसी समय पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह अपने काफिले के साथ जा रहे थे। जाम होने पर आपत्ति जताई और इसको लेकर दोनों युवकों के साथ कहासुनी और मारपीट हो गई। इससे दोनों युवक घायल हो गए। घटना के बाद पूर्व विधायक अपने काफिले के साथ वहां से निकल गए। दूसरी तरफ घटना के बाद आक्रोशित गांव के युवाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग -31 को जाम कर दिया। इससे कुछ देर के लिए यातायात ठप हो गया।

पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत किया मामला
घटना की सूचना पर पहुंचे चौकी इंचार्ज बैरिया अरुण सिंह ने जाम करने वालों व घायलों को समझाकर जाम शांत कराया। दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों युवकों को चिकित्सकों ने सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इलाज करने वाले चिकित्सकों ने बताया कि ऋतुराज सिंह के सिर में गंभीर चोट है। वहीं देवेश सिंह को भी काफी चोटें आई हैं। 

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
इस संबंध में एसएचओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि मारपीट में कर्ण छपरा के दो लोग ऋतुराज सिंह व देवेश सिंह घायल हो गए थे। पूर्व विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह, अभय सिंह, महेन्द्र प्रताप सिंह निवासी चांदपुर थाना बैरिया, प्रभंजन प्रताप सिंह रामनगर, धनन्जय सिंह धतुरी टोला थाना दोकटी व विद्याभूषण सिंह चांदपुर बैरिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।

क्या बोले पूर्व विधायक
वहीं इस मामले में पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कर्ण छपरा के दो युवक एक पिकअप चालक के साथ मारपीट कर रहे थे। मैंने मना किया तो मेरे साथ उलझने की कोशिश की। हमारे समर्थकों ने इसका विरोध किया और उनके साथ हाथापाई हुई। लेकिन मैंने समझा-बूझकर मामले को शांत कर दिया। मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई है। मारपीट का आरोप बेबुनियाद है।

Also Read