बलिया में बेखौफ गुंडई : युवक पर दो बार किया वार, गंभीर, इलाके में दहशत!

UPT | घायल युवक

May 14, 2024 18:43

हमलावरों ने निधरिया नई बस्ती के पास घेर कर ईंट- पत्थर तथा धारदार हथियार से हमला बोल दिया। सरेआम घटना को अंजाम दे हमलावर फरार हो गए। पीड़ित...

Ballia News : जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद है। फेफना थाना अंतर्गत अगरसंडा स्थित एक मैरेज हॉल के पास अचानक 20 की संख्या में हमलावर पहुंचे, जहां हमलावरों ने एक युवक पर लाठी-डंडे एवं धारदार हथियार से हमला बोल दिया। इसके दौरान युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। लोगों के बीच बचाव के बाद किसी तरह मामला शांत हुआ। इतना ही नहीं, जब घायल युवक अपने मित्र के साथ उपचार के लिए जिला अस्पताल जा रहा था, तभी दोबारा हमलावरों ने निधरिया नई बस्ती के पास घेर कर ईंट- पत्थर तथा धारदार हथियार से हमला बोल दिया। सरेआम घटना को अंजाम दे हमलावर फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने घटना की तहरीर फेफना पुलिस को दे दी है। पुलिस पूरे प्रकरण की छानबीन में जुटी हुई है।

ईंट-पत्थर एवं धारदार हथियार चलने से इलाके में दहशत
जानकारी के मुताबिक, शहर से सटे गड़वार रोड पर अगरसंडा स्थित एक मैरेज हॉल के पास 15 से 20 की संख्या में आए हमलावरों ने पहले मैरेज हॉल फिर निधरिया नई बस्ती के पास फेफना थाने के अगरसंडा गांव निवासी अजय सिंह पुत्र ब्रह्म सिंह पर सोमवार को देर रात बेरहमी से जानलेवा हमला कर दिया। तभी अगरसंडा स्थित मैरेज हॉल के पास 15 से 20 की संख्या में मनबढ़ युवकों ने मारपीट कर अजय को लहूलुहान कर दिया। सरेराह चले ईंट-पत्थर, लाठी- डंडे एवं धारदार हथियार के बाद पूरे इलाके में दहशत व्याप्त है। बेखौफ हमलावरों के सामने लोग तमाशबीन बने रहे। कुछ लोगों ने घटना से पुलिस को तत्काल अवगत कराया।

हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दे रही है दबिश
मनबढ़ों की गुंडई का नजारा तो तब देखने को मिला, जब घायल अजय सिंह अपने मित्र के साथ हॉस्पिटल जा रहा था, तब दोबारा हमलावरों ने निधरिया नई बस्ती महिंद्रा एजेंसी के पास पुनः ईंट पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में बुरी तरह से घायल अजय सिंह का इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष से बातचीत के बाद पुलिस पूरे प्रकरण की छानबीन में जुटी हुई है। उधर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।

Also Read