घोसी चीनी मिल में चुनाव को लेकर हंगामा : सपा के नेताओं ने लगाए मुर्दाबाद के नारे, विधायक ने SDM को धक्का देकर भगाया

UPT | घोसी चीनी मिल धरना प्रदर्शन

Oct 18, 2024 16:19

घोसी स्थित किसान सहकारी चीनी मिल के डायरेक्टर पद के चुनाव में दोनों प्रत्याशियों के बीच वोट बराबर आने के बाद समाजवादी पार्टी ने प्रशासन परअनियमितता का आरोप लगाया।

Mau News : घोसी स्थित किसान सहकारी चीनी मिल के डायरेक्टर पद के चुनाव में उत्पन्न स्थिति ने गुरुवार को एक नया मोड़ ले लिया जब दोनों प्रत्याशियों के बीच वोट बराबर होने के कारण परिणाम घोषित नहीं किया गया। घटना के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) ने प्रशासन पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए वाराणसी-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ताओं का यह धरना शाम 7 बजे शुरू हुआ। स्थानीय पुलिस अधिकारी सपा कार्यकर्ताओं को शांत करने और समझाने की कोशिश में जुटे थे। सीओ घोसी दिनेश दत्त मिश्रा ने सपा कार्यकर्ताओं से वार्ता करने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े रहे। वे चुनाव के लिखित परिणाम की मांग कर रहे थे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। यह विरोध-प्रदर्शन प्रशासन के उस फैसले के खिलाफ था। जिसमें वोट बराबर होने के बावजूद कोई निर्णय नहीं लिया गया और चुनाव परिणाम रोका गया।



क्या है पूरा मामला
बड़ागांव क्षेत्र से डायरेक्टर पद के लिए दो प्रत्याशियों राज मंगल यादव और जनार्दन सिंह ने चुनाव लड़ा था। चुनाव में दोनों को बराबर 9-9 वोट मिले। जिसके बाद स्थिति असमंजस में आ गई। राज मंगल यादव ने इस समस्या का समाधान निकालने के लिए लॉटरी के माध्यम से परिणाम घोषित करने का प्रस्ताव रखा। लेकिन प्रशासन ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और उन्होंने प्रशासन पर चुनाव परिणाम में देरी और अनियमितता का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।

धरना प्रदर्शन शामिल थे ये लोग
धरना प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव, प्रत्याशी राज मंगल यादव, घोसी ब्लॉक प्रमुख डॉ. रामकृष्ण यादव, पूर्व प्रमुख सुजीत सिंह, सर्वेश यादव, अनिल यादव, विजय यादव समेत सैकड़ों सपा कार्यकर्ता शामिल थे। ये सभी कार्यकर्ता प्रशासन के खिलाफ एकजुट होकर चुनाव परिणाम की मांग कर रहे थे और धरने पर बैठे थे।

ये भी पढ़ें : बाल विवाह पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला : कहा- कोई पर्सनल लॉ इसके आड़े नहीं आ सकता, दिशा-निर्देश भी किया जारी

SDM को दिया धक्का 
धरना स्थल पर स्थिति बिगड़ते देख एसडीएम (उप जिलाधिकारी) राजेश अग्रवाल भी वहां पहुंचे। स्थिति नियंत्रण में लाने के प्रयास में उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की लेकिन मामला और बिगड़ गया जब घोसी से सपा विधायक सुधाकर सिंह ने SDM को धक्का देकर गाड़ी में बैठा दिया और कुछ भी कहने से मना किया। विधायक द्वारा बार-बार धमकी भरे इशारे और उंगली दिखाने से माहौल और गर्म हो गया। इस दौरान सपा के एक अन्य कार्यकर्ता ने भी एसडीएम को धमकाने का प्रयास किया।

ये भी पढ़ें : जीरो टॉलरेंस नीति : साढ़े सात वर्षों में 80,000 से अधिक अपराधियों को मिली सजा, 210 बदमाश एनकाउंटर में ढेर...

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा 
स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन ने मोर्चा संभाला। पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव में उत्पन्न विवाद और हंगामे के संबंध में शिकायतें मिल रही हैं और इस पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि घटना स्थल पर पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

Also Read