बदायूं पहुंचे अखिलेश यादव : भाजपा पर चलाए सियासी तीर, बोले- 'तीसरे चरण में भी बीजेपी का सफाया होने जा रहा है'

UPT | बदायूं पहुंचे अखिलेश यादव

May 04, 2024 14:59

सपा प्रमुख अखिलेश यादव शनिवार को बदायूं पहुंचे। अखिलेश यादव ने सपा प्रत्याशी आदित्य यादव के समर्थन में सहसवान के नाधा में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा को किसान और युवा जैसे मुद्दों पर घेरा...

Budaun News : सपा प्रमुख अखिलेश यादव शनिवार को बदायूं पहुंचे। अखिलेश यादव ने सपा प्रत्याशी आदित्य यादव के समर्थन में सहसवान के नाधा में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा को किसान और युवा जैसे मुद्दों पर घेरा। सपा नेता शिवपाल यादव के बेटे आदित्य के लिए जनता से वोट देने की अपील की। अखिलेश ने भाजपा पर तेज कसने के साथ उनकी तमाम खामियों को जनता के बीच रखा।

'भाजपा की कथनी और करनी में भी बहुत अंतर है'
चुनावी जनसभा में भाजपा पर सियासी तीर चलाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार ने सर्वाधिक झूठ बोलने का और जनता को ठगने का काम किया है। युवा जो सेवा में भर्ती होने का सपना देखते हैं और पूरी मेहनत करते हैं, उनकी नौकरी 4 साल कर दी। भाजपा ने किसानों को भी नहीं छोड़ा, उनको भी ठगने का काम किया। बेरोजगारी चरम सीमा पर है यदि सपा सरकार बनती है तो आटा के साथ डाटा भी फ्री मिलेगा। यही नहीं उन्होंने कहा कि आदरणीय नेता जी का दिल रहा है ना, और चाचा शिवपाल यहीं के होकर रह गए हैं। अब आप अपनी बातें सीधे-सीधे कर सकते हैं। भाजपा ने जनता को धोखा दिया है और उन्हें ठगने का काम किया है। यह लोग कहते कुछ और हैं, करते कुछ और हैं। इनकी कथनी और करनी में भी बहुत अंतर है।
'सरकार से हमारी आपकी जान को भी खतरा है'
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग कहते थे कि आय दोगुनी कर देंगे, वो लोग किसानों की जमीन छीन लेना चाहते थे। वहीं लोग तीन काले कानून लाए थे। किसानों के आंदोलन के चलते कानून वापस लेने पड़े थे, लेकिन अभी लड़ाई खत्म नहीं हुई है। यह वही, लोग हैं जो एमएसपी की गारंटी नहीं दे रहे हैं। सरकार बनने के बाद हम एमएसपी का कानूनी हक दिलाएंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा से संविधान को भी और हमारी आपकी जान को भी खतरा है। हम अपने किसान भाईयों को भरोसा देकर जा रहे हैं कि INDIA गठबंधन और समाजवादियों की सरकार बनेगी तो आपका भी कर्ज माफ होगा।

यह सभी रहे मौजूद
इस दौरान सपा के महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी, बाबर मियां, पूर्व विधायक हाजी बिट्टन, लक्ष्मण यादव, मांगेराम कश्यप, नवाब सिंह, पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव, आशीष यादव और सतीश यादव आदि मौजूद रहे।

Also Read