बरेली में भाजपा की सदस्यता को लेकर बवाल : बिथरी चैनपुर के ब्लॉक प्रमुख के पति से धक्का-मुक्की, भांजे की पिटाई का आरोप, जानें पूरा मामला...

UPT | भाजपा सदस्यता अभियान के दौरान मारपीट।

Oct 01, 2024 00:05

भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान में सोमवार को बरेली के बिथरी चैनपुर विकास खंड कार्यालय में विवाद उत्पन्न हो गया। यहां पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

Bareilly News : भारतीय जनता पार्टी का देश भर में सदस्यता अभियान चल रहा है। सोमवार को बरेली के बिथरी चैनपुर विकास खंड कार्यालय में भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान विवाद हो गया। यहां दोनों ओर से कहासुनी हो गई। इसके बाद गाली-गलौज होने लगी। ब्लॉक प्रमुख के पति हरेंद्र पटेल ने धक्का-मुक्की और हाथापाई का आरोप लगाया है। आरोपियों पर ब्लॉक प्रमुख के भांजे की पिटाई का भी आरोप है। विवाद की सूचना पर कुछ ही देर में बिथरी थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके बाद हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। 

सोशल मीडिया पर ब्लॉक प्रमुख के पति से हाथापाई का वीडियो वायरल
बरेली देहात के बिथरी चैनपुर विकास खंड के ब्लॉक प्रमुख बृजेश कुमारी के पति हरेंद्र पटेल हर सोमवार को ब्लॉक परिसर में जनता दरबार लगाते हैं। सोमवार को विकास खंड कार्यलय में भाजपा के सदस्यता अभियान का शिविर आयोजित किया गया था। इसमें हरेंद्र पटेल और उनका भांजा सौरभ उपस्थित थे। अहलादपुर के प्रधान सियाराम का भतीजा सोनू ब्लॉक में शौचालय से संबंधित सूची जमा करने के लिए आया था। सौरभ ने सोनू से कहा कि वह पहले भाजपा की सदस्यता ले। सोनू के इनकार करने पर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। इसके बाद सौरभ ने सोनू की पिटाई कर दी। सोनू ने यह जानकारी अपने चाचा सियाराम को दी। वह अपने साथियों के साथ विकास खंड परिसर में पहुंच गए। उन्होंने सौरभ की पिटाई कर दी। इससे वह घायल हो गया।

भाजपा विरोधी नारेबाजी करने का आरोप
विकास खंड में घटना होने के बाद अफरातफरी मच गई। पुलिस ने प्रधान सियाराम, सोनू और उनके चार साथियों को हिरासत में ले लिया। ब्लॉक प्रमुख पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने पार्टी विरोधी नारेबाजी की। सदस्यता से भी इनकार कर दिया। नवदिया झादा निवासी मुनीश पटेल की ओर से बिथरी थाने में अहलादपुर के सोनू, सियाराम साहू, अजय साहू, प्यारे लाल और 15 अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके साथ ही दूसरे पक्ष ने भी ब्लॉक प्रमुख पति पर तमाम आरोप लगाए हैं। 

Also Read