चुनावी तैयारियां : डीएम-एसएसपी ने क्रिटिकल बूथों का किया निरीक्षण, मतदान का वहिष्कार करने वालों को वोट डालने की दी सलाह, जानें क्या थी मांग

UPT | डीएम, और एसएसपी बूथों का निरीक्षण करते हुए

Mar 20, 2024 20:02

लोकसभा चुनाव 2024 के प्रथम चरण के मतदान को 20 मार्च यानी आज से नामांकन शुरू हो गए हैं। बरेली की पीलीभीत लोकसभा सीट पर पहले चरण में मतदान होगा। पीलीभीत लोकसभा सीट की बहेड़ी विधानसभा …

Bareilly news : लोकसभा चुनाव 2024 के प्रथम चरण के मतदान को 20 मार्च यानी आज से नामांकन शुरू हो गए हैं। बरेली की पीलीभीत लोकसभा सीट पर पहले चरण में मतदान होगा। पीलीभीत लोकसभा सीट की बहेड़ी विधानसभा बरेली जिले में आती है। यहां की चुनावी तैयारियां परखने बुधवार को डीएम रविंद्र कुमार, और एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान पहुंचे। दोनों अफसरों ने लोकसभा चुनाव के लिए बनाए गए मतदेय स्थलों की स्थिति को देखा।डीएम रविंद्र कुमार ने बर्नेबल, क्रिटिकल, और महिला बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्था परखी। सबंधित अफसरों को सुधार के निर्देश दिए। जहाँ कुछ बदलाव की जरूरत महसूस की उसे ठीक करने के निर्देश दिए।डीएम, एसएसपी के साथ एडीएम प्रशासन दिनेश, एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय, और सीओ अरूण कुमार सिंह सबसे पहले कताई मिल मार्ग स्थित करीमगंज, और टांडाछंगा गांव पहुंचे। पोलिंग पार्टियों के ठहरने की जगह का निरीक्षण किया। डीएम ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ उत्तराखण्ड सीमा से लगे टोल प्लाजा को देखा। बार्डर से गुजरने वाले वाहनों की चेकिंग के संबंध में जानकारी ली।केसर इंटर कॉलेज,नगरपालिका परिषद में बनाए गए बूथों का निरीक्षण किया। इसके बाद चुनाव संबंधी तैयारियों को लेकर अफसरों के साथ बैठक की।

लोकतंत्र में वोट की बताई अहमियत
बहेड़ी विधानसभा के रम्पुरा गांव के लोग जर्जर सड़क के विरोध में मतदान का वहिष्कार करने की बात कह रहे थे। यह जानकारी डीएम को मिली। डीएम अफसरों के साथ गांव पहुंचे।डीएम ने लोगों को समझाया। इसके साथ ही लोकतंत्र में वोट की अहमियत बताई। उन्होंने जल्द ही मार्ग दुरुस्त करने की बात कही। डीएम ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए सभी को मतदान का हिस्सा बनने को रजामंद किया। 

होली पर्व सद्भाव से मनाने का आह्वान
पिछले कुछ वर्ष पहले बहेड़ी में होली के दिन काफी बवाल हो गया था। यह बवाल होली के दिन कथित रूप से एक मस्जिद पर रंग फेंके जाने को लेकर हुआ था। होली चौराहे पर अधिकारियों ने दोनों समुदाय से जुड़े लोगों के साथ बैठक कर पर्व को सद्भाव पूर्वक मनाने की बात कही। डीएम ने कहा कि चुनाव का माहौल है। इसलिए कोई भी खुराफाती समाज में जहर घोलने का प्रयास कर सकता है। ऐसे में सभी को अपने आंख कान खुले रखने की जरूरत है। एसएस एमपी घुले सुशील चंद्रभान ने सख्त लहजे में कहा कि कोई भी माहौल को खराब करने की बात सपने में भी नही सोचे, अन्यथा कानून के कहर से बच नही सकेगा। जिस किसी के मन में खुराफात करने की बात चल रही हो, तो उसके लिए बेहतर यही है कि वह जगह छोड़ कर कहीं और चला जाए। इस दौरान पूर्व पालिकाध्यक्ष पति नसीम अहमद, सभासद ताहिर पप्पू, दिनेश कुमार, राजाराम, त्रिलोक सिंह, विवेक कुमार समेत तमाम लोग मौजूद थे।

Also Read