बरेली में विवाहिता की हत्या : लूट या कुछ और कारण, पत्नी को लगी 2 गोली, पति को खरोंच तक नहीं

UPT | हत्या के बाद जुटी लोगों की भीड़।

May 15, 2024 21:16

बरेली देहात के शाही थाना क्षेत्र के बकैनिया वीरपुर गांव निवासी राजकुमार की शादी 10 महीने पहले मलसाखेड़ा गांव निवासी हेमलता (23 वर्ष) के साथ हुई थी। राजकुमार मंगलवार को अपनी ससुराल मलसाखेड़ा गया था।

Bareilly News (Sajid Raza Khan) : यूपी के बरेली में एक दिन पहले मंगलवार देर शाम 23 वर्षीय विवाहिता की हत्या कर दी गई थी। विवाहिता अपने पति के साथ मायके से ससुराल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में विवाहिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कथित तौर पर हत्या लूट के विरोध में करने की बात सामने आ रही है। हत्या की जानकारी होने पर रात में करीब तीन घंटे तक परिजनों ने सड़क पर शव रखकर हंगामा किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस की जांच में सामने आया है कि विवाहिता को 2 गोली मारी गई है। जबकि बाइक चलाने वाले पति को एक खरोंच तक नहीं आई। इस पर पुलिस संदेह जता रही है। देर रात तक पुलिस विवाहिता के पति से भी जानकारी करने में जुटी रही।

10 महीने पहले हुई थी शादी
बरेली देहात के शाही थाना क्षेत्र के बकैनिया वीरपुर गांव निवासी राजकुमार की शादी 10 महीने पहले मलसाखेड़ा गांव निवासी हेमलता (23 वर्ष) के साथ हुई थी। राजकुमार मंगलवार को अपनी ससुराल मलसाखेड़ा गया था। देर शाम वह अपनी पत्नी को सुसराल से लेकर अपने घर के लिए बाइक से चला था।

रात में हंगामा करती रही भीड़
शाम करीब सवा 6 बजे शाही थाना क्षेत्र में दुनका पुलिस चौकी से आधा किमी की दूरी पर सड़क पर बदमाशों ने बाइक को रोक लिया। यहां हेमलता के साथ लूटपाट शुरू कर दी। इस दौरान पति ने विरोध किया तो बदमाशों ने मारपीट कर तमंचे की बट मारकर राजकुमार को घायल कर दिया। इस दौरान हेमलता ने विरोध किया तो बदमाशों ने गोली मार दी। इससे मौके पर हेमलता की मौत हो गई। रात में घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोगों की भीड़ पहुंच गई। ग्रामीणों ने रात में दो घंटे तक शव नहीं उठने दिया और जमकर हंगामा किया। ग्रामीण पुलिस से विवाहिता की हत्या करने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस पूरे घटनाक्रम को लेकर जांच में जुटी है। इस घटना पर पुलिस का कहना कि विवाहिता हेमलता की शादी दस महीने पहले ही हुई थी। अब कई ऐसे सवाल हैं , जिन पर पुलिस काम कर रही है।

वारदात के करीब ढाई घंटे बाद दी गई सूचना
बताया जा रहा कि घटना शाम करीब सवा 6 बजे के आसपास हुई, लेकिन रात में पुलिस को सूचना 8 बजकर 45 मिनट पर दी गई। ऐसे में पुलिस यह भी संदेह जता रही है कि कहीं दूसरे से तो हत्या नहीं कराई गई। लूट की घटना हुई तो पति ने अपने परिवार और दोस्तों को सूचना क्यों नहीं दी। पुलिस को या डायल 112 पर भी सूचना दी जा सकती थी।

पति को नहीं आई एक भी खरोच
पुलिस मान रही है कि विवाहिता को दो गोली लगी हैं। उसने लूट का विरोध किया, तो बदमाशों ने दो गोली क्यों मारी। वह लूट करके या भागते समय गोली मारकर भाग सकते थे। हत्या करना ही मकसद तो नहीं था, इस पर पुलिस जांच कर रही है। वहीं विवाहिता के पति को एक भी गोली नहीं मारी गई, पहले वह सिर में तमंचे की बट लगने की बात कहता रहा, लेकिन पति को खरोंच तक भी नहीं आई।

क्या बोले एसपी देहात
एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्रा का कहना है कि महिला को 2 गोली मारी गईं है। पति के चोट का कोई निशान नहीं मिला है। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस को घटना के ढाई घंटे बाद सूचना दी गई। महिला के पति ने लूट के विरोध में घटना होना बताया है, लेकिन पुलिस दूसरे बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। 

Also Read