सपा ने बाढ़ पीड़ितों की मदद को बढ़ाया हाथ : पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं को राशन-पानी और दवा मुहैया कराने का फरमान, आंवला सांसद ने बांटी राहत सामग्री

UPT | आंवला सांसद नीरज मौर्य बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटते हुए।

Sep 23, 2024 18:06

राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने सभी जिलों को पत्र भेजा है। यह पत्र बरेली के संगठन को भी मिला है। इसके बाद बाढ़ पीड़ितों की मदद की कवायद शुरू हो गई है।

Bareilly News : यूपी के कई जिलों में बारिश के बाद नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इससे कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। तमाम जगह फसलों से लेकर घरों तक में पानी भर गया है। इससे काफी नुकसान हुआ है। लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई मदद नहीं की जा रही है। किसानों से लेकर बाढ़ पीड़ित तक शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं। इसके चलते समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बाढ़ पीड़ितों की मदद को हाथ बढ़ाया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने सभी जिलों को पत्र भेजा है। यह पत्र बरेली के संगठन को भी मिला है। इसके बाद बाढ़ पीड़ितों की मदद की कवायद शुरू हो गई है। इसमें जिला अध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, विधायक विधान परिषद सदस्य, पूर्व विधान परिषद सदस्य, पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी, प्रदेश कार्यकारिणी, सभी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला और महानगर अध्यक्ष के फ्रंटल संगठन और प्रमुख नेताओं को बाढ़ ग्रस्त इलाकों में पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। बाढ़ग्रस्त इलाकों में तबाही और भुखमरी के हालात पर भी निगाह रखने को कहा गया है। इसके साथ ही पीड़ितों के परिवार से मिलकर उनकी हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके चलते आंवला सांसद नीरज मौर्य ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री बांटनी शुरू कर दी है।

राशन, दवा और पानी की व्यवस्था करने के निर्देश
सपाई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पीड़ितों की मदद की कोशिश में जुट गए हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को राशन, पानी, दवा से लेकर जो भी चीज की जरूरत है। वह उन्हें मुहैया कराई जाए। संकट की इस घड़ी में सपा उनके साथ खड़ी है। जिसके चलते आंवला लोकसभा सीट से सांसद नीरज मौर्य ने अपनी टीम के साथ आंवला और बदायूं में बाढ़ पीड़ितों को आर्थिक सहायता के खाने पीने की सामग्री का वितरण शुरू कर दिया है।

मिशन 2027 पर फोकस
सपा ने लोकसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया था। इसके बाद सपा की नजर 2027 के विधानसभा चुनाव पर है। सपा अपने कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं होने देना चाहती है। इसलिए पार्टी उन्हें किसी न किसी कार्यक्रम और अभियान में जुटाए हुए है। अब सपा ने प्रदेश में आई बाढ़ को देखते हुए इससे प्रभावित लोगों की मदद करने का निर्णय लिया है। सपा बाढ़ पीड़ितों की मदद कर संदेश देना चाहती है कि दुख और सुख दोनों में उनके साथ खड़ी है।

Also Read