Bareilly News : ठाकुरों की पिटाई से किशोर की बिगड़ी हालत, दलित परिवार ने लगाया ये आरोप, जानें क्या है पूरा मामला

UPT | घायल किशोर

Jun 23, 2024 22:02

कैंट थाना क्षेत्र के चौबारी गांव के ठाकुरों पर एक दलित (जाटव समाज) परिवार ने पिटाई का आरोप लगाया है। उनकी पिटाई से परिवार के किशोर की हालत बिगड़ गई। जिसके चलते पीड़ित किशोर को इलाज...

Bareilly News : उत्तर प्रदेश के बरेली के कैंट थाना क्षेत्र के चौबारी गांव के ठाकुरों पर एक दलित (जाटव समाज) परिवार ने पिटाई का आरोप लगाया है। उनकी पिटाई से परिवार के किशोर की हालत बिगड़ गई। जिसके चलते पीड़ित किशोर को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह विवाद दलित किशोर के नल से पानी पीने को लेकर हुआ था।

20 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर
हालांकि, इस दौरान पुलिस ने पीड़ित परिवार की ओर से 20 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। शनिवार को इस मामले में सीओ के यहां पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए गए थे। मगर, रविवार को किशोर की मां और पिता मनरेगा में मजदूरी करने जा रहे थे। आरोप है कि तभी आरोपियों ने उन्हें खेत पर घेर लिया। उनको बुरी तरह से मारा पीटा। उनके 14 वर्षीय बेटे की भी पिटाई की। घायल किशोर को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थाने पहुंचे आरोपी, दी तहरीर
इस मामले में ठाकुर पक्ष के लोग भी बड़ी संख्या में एकत्र होकर रविवार को थाने पहुंचे। उन्होंने दलित परिवार के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेने के बाद मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

नल से पानी पीने को लेकर हुआ था विवाद 
बताया जाता है कुछ दिन पहले दलित किशोर ने ठाकुर पक्ष के नल से पानी पी लिया था। इससे ठाकुर पक्ष के शिशुपाल और अजय ने नाराजगी जताई। इसके साथ ही दोनों पर 14 वर्षीय किशोर की पिटाई का भी आरोप है। इसके बाद से ही दोनों पक्षों में तनाव चल रहा था। दलित परिवार की ओर से 20 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी। इस मामले में सीओ फर्स्ट के यहां पीड़ित परिवार ने शनिवार को बयान दर्ज कराए थे। इससे आरोपी खफा हो गए।

Also Read