सुर्खियों में कुशीनगर की ये शादी : दुल्हन लाने के लिए नाव पर सवार होकर बारात लेकर चला दूल्हा

UPT | नाव पर सवार होकर बारात लेकर चला दूल्हा

Jul 11, 2024 17:06

कुशीनगर - महाराजगंज सीमा पर बसे गांव बसही सोहगीबरवा निवासी अजीत साहनी नाव पर सवार होकर अपनी दुल्हनिया को लेने निकल पड़े हैं। उसके बाराती भी नाव पर सवार होकर जाने को मजबूर हैं।

Kushinagar News : कुशीनगर जिले में बाढ़ की स्थिति भले ही नियंत्रण में हो लेकिन अभी भी खड्डा के दियारा क्षेत्र में रहने वाले लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। बाढ़ के पानी से रास्ता कट जाने के कारण लोगों को आने -जाने के लिए नाव ही सहारा है। रास्ता कट जाने के कारण दूल्हा भी नाव से बारात लेकर जाने को मजबूर है। कुशीनगर - महाराजगंज सीमा पर बसे गांव बसही सोहगीबरवा निवासी अजीत साहनी नाव पर सवार होकर अपनी दुल्हनिया को लेने निकल पड़े हैं। उसके बाराती भी नाव पर सवार होकर जाने को मजबूर हैं।

चमचमाती कार में दुल्हन लाने का सपना चकनाचूर
अभी तक आपने डीजे की धुनों पर बारातियों को नाचते और दूल्हे को सजे हुए कार में सवार होकर विवाह करने के लिए जाते हुए देखा होगा, लेकिन अब हम आपको एक ऐसी तस्वीर दिखाते हैं जिसमें दूल्हा और बाराती नाव पर सवार होकर विवाह करने जा रहे हैं। दूल्हे के साथ बाराती भी अन्य नाव पर सवार होकर विवाह करने के लिए निकल पड़े हैं। दूल्हे का अपनी दुल्हन को चमचमाती कार में लेकर आने का सपना चकनाचूर हो गया है और निराश होकर नाव में सवार होकर विवाह करने के लिए निकल पड़ा है। 
  गांव का संपर्क मार्ग भी टूटा
पिछले दिनों नेपाल द्वारा गंडक नदी में साढ़े चार लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद खड्डा तहसील के आधा दर्जन गांव बाढ़ के पानी से घिर गए थे,इन गांव का संपर्क मार्ग भी टूट गया था। पानी कम होने के बाद गांव से बाढ़ का पानी तो निकल गया है लेकिन रास्ता कटा होने के कारण नाव के सहारे ही लोग आ जा रहे हैं। कुशीनगर और महाराजगंज जिले की सीमा पर स्थित बसही सोहगीबरवा निवासी अजीत साहनी का विवाह कुछ माह पूर्व बिहार के बगहा नम्बर 1 में तय हो गया था। इस बीच आई बाढ़ ने उनके गांव जाने वाले रस्ते को बहा दिया जिसके कारण गांव से निकलने के लिए एकमात्र सहारा नाव ही रह गया।

Also Read