Loksabha Elections-2024 : राजनाथ सिंह बोले- विश्व की महाशक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है भारत, बनेगी तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था

UPT | राजनाथ सिंह ने जनसभा को संबोधित किया।

May 18, 2024 03:16

राजनाथ सिंह ने कहा कि जो कांग्रेस के लोग मोदी सरकार पर तानाशाह होने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने देश की चुनी हुई 90 सरकारों को भंग करने का काम किया है। हमने 10 वर्षों में किसी भी चुनी हुई सरकार को नहीं भंग किया।

Deoria News : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को देवरिया में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विश्व की महाशक्ति बनने की दिशा में अग्रसर है। 2027 तक भारत विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगी। कांग्रेस के 52 वर्ष के शासनकाल में भारत की छवि गरीब की थी। राजनाथ सिंह देवरिया के गौरी बाजार स्थित चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज देवगांव के खेल मैदान में देवरिया लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी शशांक मणि त्रिपाठी के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

आंख में आंख डालकर की राजनीति
उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस के लोग मोदी सरकार पर तानाशाह होने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने देश की चुनी हुई 90 सरकारों को भंग करने का काम किया है। हमने 10 वर्षों में किसी भी चुनी हुई सरकार को नहीं भंग किया। हमने राजनीति की है तो आंख में आंख डालकर राजनीति की है। हमने जनता की आंख में धूल झोंककर राजनीति नहीं की है। आज देश आगे बढ़ रहा है। आपसे निवेदन है कि आप कानी उंगली का भी जोर लगा दें तो देश का मस्तक दुनियां में ऊंचा हो जाएगा।

केजरीवाल पर बोला हमला
राजनाथ सिंह ने कहा कि केजरीवाल जेल से बाहर आने के बाद कह रहे हैं कि योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। मैं बताना चाहता हूं कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर योगी आदित्यनाथ ने जो काम किया है वो ऐतिहासिक है। किसी भी राज्य की प्रगति के लिए निवेश जरूरी है और यह निवेश चुस्त दुरुस्त कानून व्यवस्था वाले राज्य में आता है। सीएम योगी और पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ऊंचाइयों को छू रहा है। आने वाले एक जून को आप सभी कमल का बटन दबाकर भारत माता के चरणों में अपनी पुष्पांजलि अर्पित करेंगे ऐसा मेरा विश्वास है।

देश बनाने के लिए वोट मांग रही भाजपा
उन्होंने कहा कि तीसरी बार सरकार बनने पर  70 वर्ष से ऊपर के प्रत्येक वर्ग के लोगों को 5 लाख रुपये तक की मुफ्त चिकित्सा की सुविधा दी जाएगी। सरकार बनते ही पूरे देश में समान नागरिक संहिता लागू होगा। पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार ने ऐसा कार्य किया कि आज पीओके के लोग स्वयं ही भारत में विलय की मांग कर रहे हैं। भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं देश बनाने के लिए वोट मांग रही है।

भाजपा प्रत्याशी की तारीफ की
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी शशांक मणि त्रिपाठी बेहद पढ़े लिखे योग्य व्यक्ति हैं। यह अगर सदन में चुनकर आते हैं तो देश विदेश के विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात को रखेंगे। कांग्रेस पार्टी पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस की क्या बात करें। जैसे दुनियां से डायनासोर लुप्त हो गया। 2024 चुनाव के बाद कांग्रेस भी लुप्त हो जाएगी। आप बच्चों से पूछेंगे तो वह कहेंगे एक थी कांग्रेस पार्टी। इसके पूर्व चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज में रक्षा मंत्री का हेलीकॉप्टर उतरने पर जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, एमएलसी रतन पाल सिंह, विभ्राट चंद कौशिक, नीरज शाही, रजनी पांडेय, राजेश मिश्र ने फूल मालाओं और बुकें देकर स्वागत किया।

जनसभा में ये लोग रहे मौजूद
जनसभा में राज्यसभा सांसद संगीता यादव, कलस्टर प्रभारी जयप्रकाश निषाद, सुरेंद्र चौरसिया, दीपक मिश्रा शाका, सुरेंद्र कुशवाहा, पी के राय, असीम राय, लोकसभा प्रभारी जयप्रकाश शाही, सी पी सिंह, अखिलेश त्रिपाठी, एस एन सिंह, अलका सिंह, विजय कुमार दुबे, लल्लन मिश्रा, विजय राय, जितेंद्र प्रताप राव, जिला उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा, अजय शाही, गंगा कुशवाहा, श्रीनिवास मणि, प्रमोद शाही, रविंद्र कौशल, अरविंद पांडे, प्रभाकर तिवारी, संतोष मिश्रा, आनंद शाही, रंजीत सिंह, सुधीर श्रीवास्तव, मनीष मल्ल सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

Also Read