नया झांसी शहर बसाएगी योगी सरकार : सिंगापुर की कंपनी को सौंपी गई जिम्मेदारी, अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी, उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा

UPT | प्रतीकात्मक फोटो।

Jun 14, 2024 21:32

योगी सरकार का लक्ष्य है कि झांसी में बनने वाला यह औद्योगिक शहर देश का सर्वश्रेष्ठ औद्योगिक शहर होगा। इससे उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

Jhansi News : झांसी में बन रहा नया औद्योगिक शहर बुंदेलखंड के विकास की नई किरण साबित होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप, 'बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण' (बीडा) झांसी में एक नया औद्योगिक शहर बसाने जा रहा है। इस पहल से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।

सिंगापुर की कंपनी बनाएगी नए शहर का मास्टर प्लान
राज्य सरकार से मिली जानकारी के मुताबिक, मास्टर प्लान तैयार करने के लिए सिंगापुर की एक कंपनी को आमंत्रित किया गया है। नए औद्योगिक शहर में वेयर हाउसिंग, लॉजिस्टिक, खाद्य प्रसंस्करण, विनिर्माण, सेमीकंडक्टर, रिन्यूएबल एनर्जी, इलेक्ट्रिक वाहन, ऑटोमोबाइल और रक्षा क्षेत्र जैसे विभिन्न उद्योगों के लिए भूखंड आवंटित किए जाएंगे। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के निवेशकों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी।  
बुंदेलखंड में औद्योगिक विकास जोर पकड़ेगा
योगी सरकार का लक्ष्य है कि झांसी में बनने वाला यह औद्योगिक शहर देश का सर्वश्रेष्ठ औद्योगिक शहर होगा। इससे उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। बुंदेलखंड क्षेत्र के औद्योगिक विकास से न केवल रोजगार बढ़ेगा बल्कि क्षेत्र की समृद्धि में भी वृद्धि होगी।

रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अंतर्गत टाउनशिप समेत औद्योगिक स्थापना के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं का यहां समावेश होगा। इसके गठन से  झांसी और उसके आसपास समेत बुंदेलखंड क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा तथा बड़े पैमाने पर रोजगार का सृजन होगा। जन सामान्य को क्षेत्रीय विकास के साथ ही रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। जिसका प्रत्यक्ष लाभ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मिलेगा। सरकार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डालर का आकार देने का जो लक्ष्य तय किया है, उसकी सिद्धि में भी यह परियोजना सहायक होगी।

इतने करोड़ रुपये से खरीदी जानी है जमीन
जेडीए को नए झांसी के लिए 380 करोड़ रुपये से जमीन खरीदनी है। 50 फीसदी बजट शासन द्वारा उपलब्ध कराया जाना है। जबकि बाकी 50 प्रतिशत बजट जेडीए को खर्च करना है। जमीन खरीद के लिए शासन ने पहली किस्त के तौर पर 90 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। जेडीए द्वारा 65 करोड़ रुपये से करीब 180 एकड़ जमीन खरीदी भी जा चुकी है। जल्द ही जेडीए शासन से 100 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त जारी करने की मांग करेगा। जेडीए उपाध्यक्ष आलोक यादव ने बताया कि पहले 512 एकड़ में नया झांसी बसाया जाना था। मगर अब एक हजार एकड़ में इसका विकास किया जाएगा। रुंदकरारी में ही और जमीन खरीदी जाएगी। नया झांसी बसाने में 950 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 

Also Read