कन्‍नौज से बड़ी खबर : हिस्‍ट्रीशीटर को गिरफ्तार करने गई पु‍लिस पर फायरिंग, सिपाही को लगी गोली

UP Times | हिस्‍ट्रीशीटर को गिरफ्तारी के दौरान हुए हमले में सिपाही को लगी गोली

Dec 26, 2023 00:39

कन्‍नौज जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां पुलिस के साथ कानपुर में हुए विकास दूबे जैसा कांड हो गया। जिसमें हिस्‍ट्रीशीटर पूर्व प्रधान पति के घर गिरफ्तारी को गई पुलिस पर हमलावरों ने जमकर फायरिंग की। जिसमें एक सिपाही को भी गोली लग गई। फिर जो हुआ.....

Kannauj News (Pankaj Srivastava) : यूपी के कन्नौज जिले से आई सनसनीखेज खबर ने एक बा‍र फिर कानपुर के विकास दूबे जैसे कांड को ताजा कर दिया। जानकारी के अनुसार हिस्ट्रीशीटर पूर्व प्रधान पति के घर गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने हमला बोल दिया। जिसमें एक सिपाही आरोपियों की गोली का शिकार हो गया। किसी तरह पुलिस को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। जैसे ही सिपाही को गोली लगने की जानकारी अधिकारियों को मिली, तुरंत मौके पर पूरे जिले की पुलिस फोर्स पहुंच गई। फिर जो हुआ... पढ़‍ि‍ए पूरी खबर। 
 
पुलिस को देख शुरू कर दी फायरिंग
दरअसल पूरा मामला विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के गांव धरनी धीरपुर नगरिया का है, जहां सोमवार की शाम पांच बजे के करीब विशुनगढ़ थानाध्यक्ष पारुल चौधरी पुलिस बल के साथ हिस्ट्रीशीटर अशोक यादव उर्फ मुनुआं के घर पर कुर्की वारंट लेकर गई थी। मुनुआं हत्या के एक मामले में फरार चल रहा है और कोर्ट ने उसके खिलाफ कुर्की वारंट जारी किया है। गांव के बाहर उसका खेतों में मकान बना हुआ है और उसमें चारों तरफ कैमरे लगे हैं। जैसे ही उसने अंदर से पुलिस को देखा तो फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों द्वारा की गई फायरिंग में सिपाही सचिन राठी की दाहिनी जांघ में गोली लगी और वह वहीं गिर गया। घायल सिपाही को लेकर पुलिस छिबरामऊ के सौ शैय्या अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत के चलते रीजेंसी अस्पताल कानपुर के लिए रेफर कर दिया। 

मुठभेड़ के बाद हमला करने वाले पिता–पुत्र गिरफ्तार 
जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक संसार सिंह, सीओ सिटी डॉ. प्रियंका बाजपेयी, छिबरामऊ कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह,  गुरसहायगंज कोतवाल जयप्रकाश शर्मा,  सौरिख थानाध्यक्ष सचिन कुमार सिंह, सकरावा थानाध्यक्ष शशिकांत कनौजिया, इंदरगढ़ थानाध्यक्ष किशनपाल सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मकान की घेराबंदी कर ली। जिसके बाद पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर और उसके बेटे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।  

पुलिस का कहना है
पूरे मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि एक अपराधी जो अशोक थाना विशुनगढ़ धरनी धीरपुर नगरिया का रहने वाला है। इसके विरूद्ध माननीय न्यायालय द्वारा नॉन बेरिवल वारंट जारी है। जिस पर हत्या‚ लूट डकैती‚ गैंगस्टर एक्ट के 20 से अधिक मुकदमें पंजीकृत हैं और यह थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। आज थाना छिबरामऊ और विशुनगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम इसकी गिरफ्तारी हेतु सूचना पर इसके घर गई थी। जब पुलिस इसके घर पहुंची तो इसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जिसमें थाना बिशुनगढ़ के आरक्षी सचिन राठी के पैर में गोली लगी। घायल सचिन राठी को तुरंत उपचार हेतु हायर सेंटर कानपुर के लिए भेज दिया गया, जहां पर उनकी स्थित स्टेबल है। 

पुलिस ने की ये कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि यह लोग पुलिस पर फायर करके घर के अंदर चले गए और पुलिस पर लगातार फायरिंग इनके द्वारा की गई। अन्य थानों को भी सूचित कर पुलिस बल को इनके घर की घेराबंदी के लिए बुलाया गया। इनके घर को लगभग ढाई–तीन घंटे तक घेरकर लगातार निगरानी की जा रही थी और इनके द्वारा जो फायर किया जा रहा था, उसका जवाब भी रियेक्शनरी पुलिस द्वारा दिया जा रहा। जैसे ही अंधेरा हुआ, तो इन्होंने अंधेरे का फायदा उठाने की कोशिश की। अंधेरे में यह लोग भागने लगे और भागते हुए पुलिस पर भी फायर कर रहे थे। पुलिस ने जवाबी फायर किया तो इनके पैर में गोली लगी। घर में अशोक उर्फ मुन्ना था और साथ ही इसका बेटा टिंकू, यह लोग भी फायर कर रहे थे। इसकी पत्नी भी घर में थी‚ इनके द्वारा भी पुलिस के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही थी‚ इन सभी को पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इनके पास से दो तमंचे बरामद किये गये हैं, जिनसे फायर किया जा रहा था। साथ ही घर की तलाशी में एक डबल बैरल रायफल भी बरामद की गई है। अभी इनके घर के अंदर का सर्च आपरेशन चल रहा है। इसमें जो भी अग्रिम विधिक कार्यवाही है, वह की जा रही है। 
 

Also Read