4 साल से पुलिस कर रही थी कंकाल की रखवाली : अब जाकर नसीब हुआ दो गज जमीन, पढ़िए क्या है पूरा मामला

UPT | 4 साल से पुलिस कर रही थी कंकाल की रखवाली

Sep 22, 2024 20:23

यूपी के कानपुर जिले के अंतर्गत साढ़ थाना की भीतरगांव चौकी में 47 महीने से ताबूत में बंद मानव कंकाल की रखवाली कर रही साढ़ पुलिस को अब राहत मिली है। इस कंकाल को अंततः दो गज जमीन मिल गई है

Short Highlights
  • पुलिस कर रही थी कंकाल की रखवाली
  • पेड़ पर लटका मिला था कंकाल
  • अधिकारियों ने दिया दफनाने का आदेश
Kanpur News : यूपी के कानपुर जिले के अंतर्गत साढ़ थाना की भीतरगांव चौकी में 47 महीने से ताबूत में बंद मानव कंकाल की रखवाली कर रही साढ़ पुलिस को अब राहत मिली है। इस कंकाल को अंततः दो गज जमीन मिल गई है। कई सालों से कंकाल की शिनाख्त न होने के कारण पुलिस को इसे चौकी में रखना पड़ा था, लेकिन उच्च अधिकारियों के निर्देश पर आज, रविवार को थाना अध्यक्ष ने मानव कंकाल को रिंद नदी किनारे दफन कर दिया।

पेड़ पर लटका मिला था कंकाल
जानकारी के अनुसार, साढ़ थानाक्षेत्र के अंतर्गत गांव बेहटा बुजुर्ग के पास 30 सितंबर 2020 को एक पेड़ में मानव कंकाल लटका मिला था। पुलिस ने कंकाल की शिनाख्त के लिए कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसका पोस्टमार्टम कराया और कंकाल से सैंपल लेकर डीएनए टेस्ट के लिए विधि विज्ञान विभाग की प्रयोगशाला झांसी भेजा। पोस्टमार्टम हाउस के कर्मचारियों ने कंकाल को रखने से मना कर दिया, जिसके बाद यह कंकाल भीतरगांव चौकी के एक कमरे में ताबूत के अंदर रखा गया। करीब 4 साल से इसकी पुलिस द्वारा रखवाली की जा रही थी।

अधिकारियों ने दिया दफनाने का आदेश
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वर्तमान थाना अध्यक्ष केपी सिंह ने उच्च अधिकारियों को इस स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने मानव कंकाल को दफनाने का आदेश दिया। इसके बाद थाना प्रभारी केपी सिंह और एसआई आनंद द्विवेदी ने मानव कंकाल को रिंद नदी किनारे विधि विधान से दफना दिया। इस प्रकार, 47 महीने बाद साढ़ पुलिस को इस कंकाल की रखवाली से छुटकारा मिला और उन्होंने राहत की सांस ली।

Also Read