कौन खत्म हो रहा है तय कर लीजिए : इलेक्शन कमीशन के आंकड़ों को लेकर भाजपा पर हमलावर हुई कांग्रेस

UPT | राहुल गांधी और प्रियंका गांधी रायबरेली पहुंचे।

Jun 13, 2024 03:03

लोकसभा चुनाव 2024 में मत और मत प्रतिशत के आंकड़ों का हवाला देकर कांग्रेस अब भाजपा पर हमलावर है। वर्ष 2019 में कांग्रेस को 11.90 करोड़ से ज्यादा वोट मिले थे। वहीं 2024 में 13 करोड़ से ज्यादा वोट मिले हैं।

Short Highlights
  • कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव 2019 और 2024 को लेकर की तुलना
  • वोट और वोट प्रतिशत दोनों में मिला फायदा
Lucknow News : लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद नई सरकार जहां अपने काम में जुट गई है। वहीं भाजपा और कांग्रेस सहित अन्य दल हारी हुई सीटों की समीक्षा भी कर रहे हैं। भाजपा इस बार पूर्ण बहुमत से दूर रहते हुए 240 सीटें ही हासिल कर पाई, इसकी वजह से विपक्ष का ग्राफ बढ़ा है और उसे सीटों व वोट प्रतिशत दोनों का फायदा हुआ है। कांग्रेस 99 सीटों के साथ देश की दूसरी और समाजवादी पार्टी 37 सीटों के साथ तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनने में सफल हुई है। कांग्रेस को प्रदर्शन में सुधार की वजह से दस साल बाद लोकसभा चुनाव में नेता प्रतिपक्ष का पद मिला है, जिसके लिए पार्टी ने राहुल गांधी को चुना है। लोकसभा चुनाव 2024 में मत और मत प्रतिशत के आंकड़ों का हवाला देकर कांग्रेस अब भाजपा पर हमलावर है। 

लोकसभा में यूपी निभाएगा दो अहम जिम्मेदारी
राहुल गांधी ने कार्यकर्ता आभार सम्मेलन में जिस तरह से मंगलवार को रायबरेली और गांधी परिवार के बीच सौ साल पुराने रिश्ते की दुहाई दी और कहा कि ‘अब मैं रायबरेली का सांसद हूं.’ ऐसे में ये तय माना जा रहा है कि वह वायनाड से इस्तीफा देंगे और रायबरेली लोकसभा सीट को नहीं छोड़ेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि अमेठी की जनता से मैं कहना चाहता हूं कि मैं रायबरेली का सांसद हूं, मगर मैंने जो आपसे कहा था कि जो रायबरेली में होगा वह अमेठी में भी होगा। इस तरह राहुल गांधी ने आगे की सियासत के लिए संकेत दे दिए हैं। माना जा रहा है कि लोकसभा में सदन और विपक्ष के नेता दोनों की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश निभाएगा। 

कांग्रेस को प्रदर्शन में सुधार से लोकसभा में मिला फायदा
लोकसभा में पिछले 10 साल से नेता प्रतिपक्ष का पद रिक्त है। वर्ष 2014 में कांग्रेस को महज 44 सीटें और 2019 में 52 सीटें मिली थीं। नेता प्रतिपक्ष बनने के लिए लोकसभा की कुल सीटों का 10 प्रतिशत सीटें होना अनिवार्य है। इस तरह 543 सीटों में से 54 सांसदों की जरूरत होती है। 17वीं लोकसभा में सिर्फ दो सीटों कम होने की वजह से कांग्रेस को ये पद नहीं मिला। इस बार 99 सीटें जीतने के कारण कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को विपक्ष का नेता बनने का मौका मिला है।

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए रणनीति बनाएंगी प्रियंका गांधी
गांधी परिवार अब यूपी में मिशन 2027 के लिए कांग्रेस को खड़ा करने पर जोर दे रहा है। पार्टी ने विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि इसमें प्रियंका गांधी वाड्रा की अहम भूमिका होगी। प्रियंका पहले भी यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सक्रिय रही हैं। हालांकि पार्टी की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। लेकिन, लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद पार्टी नेताओं को उम्मीद है कि इस बार कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करेगी। 

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 1.72 करोड़ मतों का फायदा
इस बीच कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिले मतों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा है। पार्टी प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा नेता बयानबाजी करते रहे कि देश पर कांग्रेस का नामोनिशान मिटा देंगे। लेकिन, निर्वाचन आयोग के आंकड़े कुछ और ही कहते हैं। वर्ष 2019 में जहां कांग्रेस को 11.90 करोड़ से ज्यादा वोट मिले थे। वहीं 2024 में 13 करोड़ से ज्यादा वोट मिले हैं। कांग्रेस को कुल 136759064 मत मिले हैं। इस तरह 1.72 करोड़ से ज्यादा वोट मिले हैं। कांग्रेस ने इस बार 328 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था। 

भाजपा को मतों के लिहाज से नुकसान
वहीं भाजपा को 2019 में 23 करोड़ के आसपास वोट मिले थे। इस बार मात्र 68 लाख वोट बढ़ाकर उन्हें लगभग 24 करोड़ के आसपास वोट मिले हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक भाजपा को 235973935 वोट मिले हैं। भाजपा ने 450 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए थे, अन्य सीटों पर एनडीए के घटक दलों के उम्मीदवार मैदान में थे।

कांग्रेस 2024 में इस तरह रही फायदे में
लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा ने 303 सीटों पर जीत हासिल की और एनडीए का आंकड़ा 353 पहुंचा। भाजपा ने 37.36 प्रतिशत वोट हासिल किए। वहीं कांग्रेस पार्टी ने 52 सीटें जीतीं और कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 91 सीटें जीतीं। कांग्रेस को 19.49 प्रतिशत वोट मिले। भाजपा को 22,90,76,879 मत और कांग्रेस को 11,94,95,214 वोट मिले। लोकसभा चुनाव 2024 भाजपा को 36.56 प्रतिशत और कांग्रेस को 21.19 प्रतिशत मत मिले हैं।  

कांग्रेस मुक्त करने पर उठाए सवाल
सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि कौन खत्म हो रहा है तय कर लीजिये। कांग्रेस बढ़ रही है भाजपा घट रही है। ये आंकड़े इस बात की तस्दीक करते हैं कि भाजपा कहां से देश को कांग्रेस मुक्त कर पाएगी। कांग्रेस तो अपनी राख से स्वयं खड़ी हो जाएगी। कांग्रेस देश के डीएनए में है। कांग्रेस देश के जन-जन और कण कण में है। कांग्रेस देश की स्वतंत्रता, विश्वास में है। कांग्रेस देश के बैंकों में है, गरीब के घर में है। और राजा व गरीब में भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वाले अग्निवार, महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्या लाते हैं।  चीन को लाल आंखें दिखाने की जगह चीन के राष्ट्रपति को चाय पिलाते हैं, झूला झूलाते हैं, जिसके लोग हमारे 20 सैनिकों के शहादत लेते हैं, ऐसी भाजपा को यहां पर रहने का कोई हक नहीं है। कांग्रेस ने देश बनाया है और कांग्रेस देश आगे भी बनाएगी। कांग्रेस के लिए कहीं ना कहीं देश के मन में देश के जन में प्यार है।

Also Read