Lucknow News : अजय राय बोले- सरकार ने कांग्रेस को इन जीती हुई सीटों पर हरवाया, 17 जून तक जारी रहेगी धन्यवाद यात्रा

UPT | यूपी कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय व आराधना मिश्रा

Jun 13, 2024 02:28

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को कहा कि पूरे देश में उत्तर प्रदेश के चुनाव परिणाम की चर्चा हो रही है। हमारे गठबंधन इंडिया ने जबरदस्त परिणाम दिया है।

Short Highlights
  • बांसगांव, देवरिया, महराजगंज और अमरोहा की सीट पर धांधली के आरोप
  • पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा 
Lucknow News : लोकसभा चुनाव के परिणाम भले ही कांग्रेस के पक्ष में नहीं रहे हों। लेकिन, अपने प्रदर्शन से पार्टी काफी संतुष्ट है। खासतौर से उत्तर प्रदेश में 1 सीट का आंकड़ा 6 पहुंचने पर पार्टी नेता और कार्यकर्ता उत्साहित हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को कहा कि पूरे देश में उत्तर प्रदेश के चुनाव परिणाम की चर्चा हो रही है। हमारे गठबंधन इंडिया ने जबरदस्त परिणाम दिया है। यूपी ने मोदी जी के अबकी बार 400 पार के नारे की हवा निकाल दी है। प्रदेश में सभी 80 लोकसभा सीटें जीतने के दावे की हवा निकाल दी है। इसी तरह वाराणसी में 10 लाख वोटों से जीतने के दावों की हवा निकाल दी है। 

यूपी के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में धन्यवाद यात्रा
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में धन्यवाद यात्रा की शुरुआत की है। रायबरेली से मंगलवार को राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा इसका आगाज कर चुके हैं। वहीं 15 जून तक प्रस्तावित यात्रा में अब दो दिनों का इजाफा किया गया है। अजय राय ने कहा कि अब 16 व 17 जून को भी यात्रा जारी रहेगी। कांग्रेस के लोग सभी जनपदों में गठबंधन के सहयोगी दलों के नेताओं के साथ लोगों के बीच जाकर लोकसभा चुनाव में मिले सहयोग के लिए उनका आभार जताएंगे। 

पेपर लीक से देश में छात्र परेशान
अजय राय ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में बांसगांव, देवरिया, महराजगंज और अमरोहा की सीट सरकार की मदद से हरवाई गई है। इन सीटों पर कांग्रेस जीत रही थी। उन्होंने पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि उत्तर प्रदेश में सिपाही भर्ती समेत 19 परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं। अब मेडिकल के स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) में पेपर लीक को लेकर हाई कोर्ट ने जवाब मांगा है। उत्तर प्रदेश ही नहीं पेपर लीक में पूरा देश शामिल हो गया है। देश भर में छात्र परेशान हैं। 

जम्मू में आतंकी हमले को लेकर उपराज्यपाल पर निशाना साधा
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दाल के दाम बढ़ गए हैं। आटा है नहीं, बाहर से मंगाएंगे। कांग्रेस महंगाई के मुद्दे को उठाएगी। सरकार उद्योगपतियों को नहीं आम जनता को लाभ दे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दावा किया था कि आतंकवाद खत्म हो गया है पर ऐसा कुछ नहीं हो पाया है। जम्मू में आतंकी हमला हुआ है और उपराज्यपाल वाराणसी और गाजीपुर में प्रचार कर रहे थे। इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है। मृतकों में उत्तर प्रदेश के कई लोग थे। सरकार ऐसी व्यवस्था करे कि इस तरह के हमलों की पुनरावृत्ति न हो। 

प्रियंका गांधी के वाराणसी से चुनाव लड़ने पर अलग होता नतीजा
अजय राय ने राहुल गांधी के इस बयान का समर्थन किया कि अगर उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़तीं, तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो या तीन लाख वोटों से हार जाते। राय ने कहा कि वह स्वयं चाहते थे कि प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़ें। लेकिन, पार्टी देश भर में उनकी सेवाओं का उपयोग करना चाहती थी और इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया। 

यूपी की जनता ने भाजपा को नकारा
कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि भाजपा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के नाम पर पूरे देश में वोट मांगती है। लेकिन, जम्मू-कश्मीर में अपना एक भी प्रत्याशी नहीं खड़ा करती। पार्टी ने जम्मू में एक भी प्रत्याशी अपने सिंबल पर नहीं लड़ाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में आदिवासी समाज से आने वाली राष्ट्रपति को अयोध्या में नहीं बुलाया गया था। उत्तर प्रदेश की जनता ने उनकी राजनीति को नकार दिया है। भाजपा को चाहे कि वह ड्रामा नहीं करे। 

Also Read