चंडीगढ़ विश्वविद्यालय उन्नाव को कैबिनेट की मंजूरी : लखनऊ-कानपुर हाईवे पर 63.53 एकड़ में होगा निर्माण

UPT | उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय।

Sep 20, 2024 00:47

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने गुरुवार को सचिवालय में आयोजित एक विशेष समारोह में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (सीयू) इंटरनेशनल एजुकेशनल ट्रस्ट, चंडीगढ़ के प्रतिनिधियों को चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्राधिकार पत्र सौंपा।

Lucknow News : उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बदलाव के तहत सरकार ने उन्नाव जिले में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की स्थापना को अंतिम मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से प्रदेश के छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्राप्त होगी और यह उत्तर प्रदेश के शिक्षा परिदृश्य में एक नया अध्याय जोड़ने वाला है। इस निर्णय से प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा और गुणवत्ता में वृद्धि होगी, जो उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार और भविष्य के बेहतर अवसर लेकर आएगी।

उच्च शिक्षा मंत्री ने सौंपा प्राधिकार पत्र
गुरुवार को सचिवालय में आयोजित एक विशेष समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (सीयू) इंटरनेशनल एजुकेशनल ट्रस्ट, चंडीगढ़ के प्रतिनिधियों को चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्राधिकार पत्र सौंपा। मंत्री ने इस अवसर पर कहा की,सरकार का यह निर्णय प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। इससे न केवल प्रदेश के छात्रों को बेहतर शिक्षा मिलेगी, बल्कि इससे प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय भी लिखा जाएगा।

परिसर 63.53 एकड़ भूमि पर स्थापित होगा
चंडीगढ़ विश्वविद्यालय को उन्नाव में स्थापित करने के प्रस्ताव को सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट ने बाई सर्कुलेशन मंजूरी प्रदान की थी। इस मंजूरी के साथ यह परियोजना अब आधिकारिक रूप से मान्यता प्राप्त हो गई है और इसके कार्यान्वयन की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय का नया परिसर उन्नाव जिले के ग्राम पदसंदन, परगना गोरिंदा परसंदन, तहसील हसनगंज में 63.53 एकड़ भूमि पर स्थापित किया जाएगा। यह परिसर लखनऊ-कानपुर हाईवे के किनारे स्थित होगा, जिससे उन्नाव और आसपास के जिलों के छात्रों को आसानी से पहुंचने की सुविधा मिलेगी।

प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की स्थापना प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया युग लाएगी। यह विश्वविद्यालय छात्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगा। इससे प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा और युवाओं को रोजगार और भविष्य के बेहतर अवसर मिलेंगे।

अधिसूचना जारी की गई
विशेष सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने 19 सितंबर 2024 को जारी अधिसूचना के अनुसार, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, उन्नाव को उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (सातवां संशोधन) अध्यादेश, 2024 के तहत उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 की अनुसूची-2 में क्रमांक 45 पर सम्मिलित किया गया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय को राज्य सरकार से आधिकारिक मान्यता प्राप्त हो गई है और इसे संचालन की अनुमति भी प्रदान की गई है।

शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा  
चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की उन्नाव में स्थापना से प्रदेश के छात्रों को अत्याधुनिक शिक्षा प्रणाली का लाभ मिलेगा। यह विश्वविद्यालय प्रदेश के शिक्षा जगत में एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा और छात्रों के करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होगा। 

Also Read