अर्जुन पासी हत्याकांड के पीड़ितों से मिले सपा नेता : प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर साधा निशाना, बोले- अत्याचार के खिलाफ कर रहे संघर्ष

UPT | मृतक अर्जुन पासी के परिजनों से मिलते हुए श्यामलाल पाल

Sep 19, 2024 21:00

नसीराबाद थाना क्षेत्र में हुए अर्जुन पासी हत्याकांड में आज समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की।

Raebareli News : नसीराबाद थाना क्षेत्र में हुए अर्जुन पासी हत्याकांड में आज समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की। इससे पहले, उन्होंने सलोन विधानसभा क्षेत्र के डीह में राम लीला मैदान में आयोजित पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन और समाजवादी पार्टी पीडीए जन पंचायत कार्यक्रम में भाग लिया।

प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल पहुंचे
इस दौरान उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष टी.एल. वर्मा, सपा विधायक, जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने मृतक अर्जुन पासी के पिता, बेचू पासी, से मिलकर उन्हें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा भेजी गई एक लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की।

भाजपा सरकार पर बोला हमला 
श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अर्जुन पासी जैसे मेहनत करने वाले श्रमिकों के परिवारों के सुख-दुख को समझने के लिए वह यहां आए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार में इस तरह की घटनाएं केवल रायबरेली में ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में हो रही हैं। कहीं महिलाओं के साथ दुराचार हो रहा है, और अनेक मामलों में महिलाओं की हत्या भी की जा रही है। समाजवादी पार्टी इस जुल्म और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष कर रही है।

सपा के साथ खड़े रहने का वादा
श्यामलाल पाल ने आगे कहा कि अखिलेश यादव ने भारतीय संविधान के तहत समाजवादी सोच के अनुसार उन लोगों को संगठित करने का संकल्प लिया है, जो शोषण और अन्याय का शिकार हो रहे हैं, ताकि सामंतवादी और पूंजीवादी तत्वों का सामना किया जा सके। उन्होंने कहा कि आज इस गरीब परिवार की गरिमा के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा एक लाख की सहायता दी गई है, और समाजवादी पार्टी के सभी नेता, विधायक और कार्यकर्ता उनके संघर्ष में एकजुट हैं।

Also Read