पुलिस ने महिला को घर से उठाया : थाने में नहीं कोई रिकॉर्ड, बेटी ने लगाई गुहार

UPT | शीला की बेटी अंशु चौहान।

Sep 11, 2024 02:27

राजधानी में अकेले रहने वाली महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। पारा में बुद्धेश्वर जनता विहार कॉलोनी की शीला देवी पांच दिन से लापता है। शीला सब्जी बेचकर गुजर-बसर करती थी।

Short Highlights
  • बुद्धेश्वर जनता विहार कॉलोनी का मामला
  • सब्जी बेचने वाली महिला पांच दिन से लापता
Lucknow News : राजधानी में अकेले रहने वाली महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। पारा में बुद्धेश्वर जनता विहार कॉलोनी की शीला देवी पांच दिन से लापता है। शीला सब्जी बेचकर गुजर-बसर करती थी। पड़ोसियों के अनुसार, दो महिला कांस्टेबल के साथ तीन लोग आए और शीला को साथ लेकर चले गए। पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर शादीशुदा बेटी उन्नाव से आई। थाने जाकर पता लगाया तो पुलिस को इस मामले की कोई जानकारी नहीं थी।   

बेटी को पड़ोसियों से मिली जानकारी
शीला की बेटी अंशु चौहान ने मंगलवार को बताया कि पांच सितम्बर को मां को कॉल लगाया तो फोन स्विच ऑफ जा रहा था। काफी प्रयास के बाद भी फोन पर संपर्क न हो पाने पर पड़ोस में कॉल कर मां से बात कराने के लिए कहा। पड़ोसियों से पता चला कि पांच सितम्बर को रात नौ बजे दो महिला कांस्टेबल के साथ तीन लोग सादी वर्दी में घर आए। कुछ देर बाद मां को साथ लेकर चले गए। उस दिन से लगातार मां का फोन स्विच ऑफ जा रहा है। 

पुलिस ने नहीं मिली मदद
अंशु ने बताया कि वह जब जनता विहार कॉलोनी पहुंची तो घर का गेट खुला मिला। पारा थाने जाने पर पता चला कि यहां से कोई भी पुलिसकर्मी शीला नाम की महिला को पकड़ने के लिए नहीं गया था। पीड़ित अंशु ने डीसीपी को पूरा मामला बताया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और रिकॉर्ड चेक किए गए लेकिन शीला नाम की महिला को लेकर कोई भी मामला दर्ज नहीं मिला। अंशु ने बताया कि पिता के देहांत के बाद मां घर में अकेली रहती थी। वह पांच दिन से लापता है। पुलिस से भी कोई मदद नहीं मिल रही है। उसने मां की खोजबीन को लेकर शासन-प्रशासन से गुहार लगाई है। 

Also Read