रायबरेली में दबंग शराबी का कहर : महिलाओं पर ईंट-पत्थरों से किया हमला, बुजुर्ग समेत 3 घायल

UPT | हमले में घायल हुई बुजुर्ग महिला

Sep 03, 2024 15:32

हरचंद्रपुर थाना क्षेत्र में नशे में धुत एक व्यक्ति ने मामूली बात पर घर में मौजूद एक बुजुर्ग महिला समेत तीन महिलाओं को मारपीट कर घायल कर दिया। घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

Raebareli News : मामूली बात को लेकर दबंग का कहर महिलाओं पर टूट पड़ा। हद तो तब हो गई जब एक बुजुर्ग महिला को भी नहीं बक्शा गया। इस हमले में बुजुर्ग महिला सहित दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। जिनको एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। दो महिलाओं की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। मामला हरचंदपुर थाना क्षेत्र के ढकवा डिघौरा गांव का है।

शराब के नशे में किया पड़ोसी ने हमला
घायल महिला कमलेश ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला मनोज शराब के नशे में उनके यहां आया और गाली गलौज करने लगा। जब हमने उसे यह सब ना करके अपने घर जाने को कहा तो उसने हम सब पर ईंट पत्थर से हमला कर दिया। जिसके कारण उसके सिर और हाथ में चोट लगी है। बुजुर्ग महिला के बेटे पूरन ने बताया कि वह घर पर नहीं था जब घर आया तो मालूम चला कि मारपीट हुई है। पड़ोस के मनोज ने शराब के नशे में उसके घर में आकर उसकी बुजुर्ग मां व अन्य महिलाओं को पीट कर घायल कर दिया।

तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई करेगी पुलिस
इस मामले में हरचंदपुर थाना इंचार्ज बबीता पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मौके पर डायल 112 भी गई थी। अभी तक पीड़ित पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। घायल महिलाओं का अस्पताल में उपचार चल रहा है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Also Read