Raebareli News : पुणे में कांच की खेप उतारने के दौरान हादसा, रायबरेली के चार मजदूरों की मौत, एक गंभीर 

UPT | कांच की खेप उतारने के दौरान हादसा

Sep 30, 2024 01:56

महाराष्ट्र के पुणे शहर में रविवार को एक फैक्टरी में उस समय हड़कंप मच गया, जब वाहन से उतारते समय कांच की खेप ऊपर गिरने से उत्तर प्रदेश...

Raebareli News : महाराष्ट्र के पुणे शहर में रविवार को एक फैक्टरी में उस समय हड़कंप मच गया, जब वाहन से उतारते समय कांच की खेप ऊपर गिरने से उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के चार युवकों की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि हादसा दोपहर करीब डेढ़ बजे कटराज इलाके के येवलेवाड़ी क्षेत्र में हुई। 



उन्होंने कहा कि हमें प्राथमिक सूचना मिली थी कि कटराज क्षेत्र स्थित एक कांच निर्माण इकाई में कांच का स्टॉक उतारने के दौरान 5 से 6 कर्मचारी फंस गए हैं। अग्निशमन कर्मियों ने पांच घायल युवकों को बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनमें से चार की मौत हो गई, जबकि एक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

सभी मृतक रायबरेली जिले के रहने वाले थे। इनमें दो ऊंचाहार, एक-एक युवक सलोन व महराजगंज के थे। इसकी सूचना मिलते परिजनों का रोृ-रोकर बुरा हाल हो गया। जिला प्रशासन ने घटना के संबंध में पुणे प्रशासन से संपर्क साधा है। सोमवार शाम तक सभी के शव गांव आने की उम्मीद है।

ट्रक में बंधे बेल्ट को खोल रहे थे मजदूर
कोतवाली क्षेत्र के पूरे बिछियन मजरे कंदरावां गांव का रहने वाला अमित कुमार (30) पुत्र रामशंकर व छतौना मरियानी गांव का रहने वाला विकास कुमार (25 वर्ष) पुत्र सरयू प्रसाद पुणे महाराष्ट्र की एक ग्लास फैक्टरी में मजदूरी करते थे। रविवार की दोपहर फैक्टरी में कांच का समान बनाने के लिए ट्रक से कांच की सीटें आईं थीं। जो काफी वजनदार थी। दोनों अपने दो अन्य साथियों के साथ कांच की सीट को नीचे उतारने के लिए ट्रक में बंधे बेल्ट को खोल रहे थे। इस दौरान बेल्ट खुलते ही कांच की दो सीटें गिर गई और चारों दोनों सीटों के बीच में दब गए। 

सोमवार शाम तक शव गांव पहुंचने की उम्मीद
हादसे के बाद साथी मजदूरों ने अपने सभी को निकालने की कोशिश की लेकिन तब तक चारों ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना जब गांव पहुंची तो घर वालों ने चीख पुकार मच गई। कंदरावां ग्राम प्रधान पवन सिंह व छतौना मरियानी प्रधान अंकित कुमार ने बताया कि घटना में दोनों युवकों की मौत हो गई है। शव पोस्टमार्टम के बाद सोमवार की शाम तक गांव पहुंचने की उम्मीद है।

Also Read