यूपी विधानसभा मानसून सत्र : सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने उठाया अकबरनगर का मुद्दा, सीएम योगी बोले- बन गया सौमित्र वन

UPT | विधायक रविदास मेहरोत्रा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Jul 31, 2024 00:49

समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने मंगलवार को विधानसभा में अकबरनगर का मुद्दा उठाया और योगी सरकार पर जमकर हमला किया। मेहरोत्रा ने आरोप लगाया की गुजरात की एक कंपनी को ठेका देने के लिए अकबरनगर को ढहाया गया।

Short Highlights
  • सपा विधायक का गुजरात की कंपनी को ठेका देने के लिए अकबरनगर को ढहाने का आरोप
  • सीएम योगी आदित्यनाथ ने अकबरनगर को लेकर लगाए गए आरोपों का दिया जवाब
Lucknow News : समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने मंगलवार को विधानसभा में अकबरनगर का मुद्दा उठाया और योगी सरकार पर जमकर हमला किया। मेहरोत्रा ने आरोप लगाया की गुजरात की एक कंपनी को ठेका देने के लिए अकबरनगर को ढहाया गया। परिवार के परिवार उजाड़ दिए गए। पूरे लखनऊ में हाहाकार मचा हुआ है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा विधायक को जवाब देते हुए कहा कि अकबरनगर में ज्यादातर अवैध निर्माण था।  इसलिए यह मामला  हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी टिक नहीं पाया। लखनऊ को उसकी पहचान दिलाने के लिए भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण के नाम पर उसको सौमित्र वन बना दिया गया है।

गरीबों के मकान किस जा रहे ध्वस्त
रविदास मेहरोत्रा ने विधानसभा में कहा कि लखनऊ में गरीबों के मकान ध्वस्त किए जा रहे हैं। वैध मकानों और दुकानों पर बलपूर्वक बुलडोजर चलाया जा रहा है। लोकसभा चुनाव के बाद अकबरनगर बस्ती में एक हजार से ज्यादा मकान और 10 दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। महिलाएं और बच्चे चीखते-चिल्लाते रहे लेकिन सरकार ने उनकी एक नहीं सुनी। मकानों के साथ तीन मस्जिद और मदरसों को ढहा दिया गया। जो सरकार मंदिर के नाम पर जनता से वोट मांगती है, उसने अकबरनगर में छह प्राचीन मंदिरों को भी ध्वस्त कर दिया।

बसंतकुंज में बुनियादी सुविधाएं तक नहीं
रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि अकबरनगर को ध्वस्त कर वहां के वाशिंदों को बसंतकुंज कॉलोनी में मकान दिए गए। अब इन लोगों से चार लाख 80 हजार रूपए मांगे जा रहे हैं। बसंतकुंज में बुनियादी सुविधाएं तक नहीं हैं। पेयजल, शौचालय और बिजली की व्यवस्था नदारद है। दूर-दूर तक स्कूल और दुकान नहीं है। अकबरनगर में स्थित एक स्कूल में 500 बच्चे पढ़ते थे। सरकार ने शिक्षा के मंदिर को भी ध्वस्त कर दिया। जिससे बच्चों की पढ़ाई रुक गई है। अकबरनगर में 12 हजार से अधिक गरीबों के घर गिरा दिए गए। इस कार्रवाई के बाद अबरारनगर, रहीमनगर और पंतनगर समेत कई वैध कालोनियों का तोड़ने की नोटिस चस्पा की गई। लाल निशान लगा दिए गए।

मकान तोड़ने का आदेश हो निरस्त
सपा विधायक ने कहा कि सरकार ने लखनऊ में 713 मलिन बस्तियों को तोड़ने का आदेश दे दिया। उसके बाद पीड़ितों ने बड़े पैमाने पर आंदोलन किया और मुख्यमंत्री से मिलकर न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद मकान तोड़ने की कार्रवाई के आदेश को तो स्थगित कर दिया गया लेकिन निरस्त नहीं किया। उन्होंने कहा कि अभी भी रहीमनगर, पंतनगर और खुर्रम नगर पर खतरा टला नहीं है। अभी तक सरकार ने आदेश वापस नहीं लिया है। लाल निशान लगाने वालों पर कोई एक्शन नहीं हुआ। मेहरोत्रा ने कहा कि मकान तोड़ने के आदेश को निरस्त किया जाए।

अकबरनगर अब सौमित्र वन बन गया 
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि आप लखनऊ के इतिहास को जानते होंगे। लखनऊ में गोमती और कुकरैल नदी का संगम भी था। अकबरनगर 1984 के बाद से ही बसा है। इसमें ज्यादातर अवैध निर्माण था और यही कारण था कि यह हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में भी टिक नहीं पाया। जिन लोगों को गलत तरीके से फर्जी कागजात दिखाकर रजिस्ट्री की थी, उन लोगों को हमने रिहैबिलिटेट किया है। अब अकबरनगर कोई नगर नहीं है, बल्कि अब वह सौमित्र वन हो गया है। लखनऊ को उसकी पहचान दिलाने के लिए भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण जी के नाम पर उसको सौमित्र वन बना दिया गया है। लखनऊ से सपा के विधायक को तो खुश होना चाहिए कि लखनऊ के लोगों ने आपको विधायक बनाया है और लखनऊ को हम नाइट सफारी दे रहे हैं। मतबल ये कि लाभ आप कमाएंगे और पैसा सरकार दे रही है। इतनी अच्छी योजना मिलने के बाद आपको तो सरकार को धन्यवाद देना चाहिए।

आज आपको कुकरैल नदी नजर आएगी, नाला नहीं  
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंत नगर और इंद्रप्रस्थनगर की कार्रवाई को हमने स्थगित करवाया है। एक भी व्यक्ति जिसने रजिस्ट्री की है और उसके पास जायज कागजात हैं, उसको हम वहां मुआवजा देंगे और वो भी नदी को पुनर्जीवित करके। आप जाकर देखिए वहां आपको अबनदी नजर आएगी, नाला नहीं। नदी पुनर्जीवन का अभियान पूरे देश के अंदर चल रहा है। गोमती नदी को लखनऊ में क्या बना दिया आपने। एक तरफ गोमती को मां कहते हो और दूसरी तरफ पूरी नदी को गंदा नाला में बदल दिया। उस नदी की पुनर्व्यवस्थापन की कार्यवाही के लिए किए जा रहे प्रयास के लिए आपको लखनऊ के विधायक के रूप में सरकार की सराहना करनी चाहिए।

समाजवादी पार्टी को कठघरे में खड़ा किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अकबरनगर इलाके में अवैध कब्जेदारों पर की गई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर विधानसभा में जवाब देते हुए  एक बार फिर समाजवादी पार्टी को कठघरे में खड़ा किया। मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि पंत नगर और इंद्रप्रस्थनगर की कार्रवाई को हमने स्थगित करवाया है। लेकिन अगर आप देखेंगे तो गरीबों को ठगने वाले जितने भी भूमाफिया हैं, उनमें से ज्यादातर समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए लोग ही थे। साथ ही, सीएम योगी ने ये भी कहा कि इंद्रप्रस्थनगर और पंत नगर में जिन लोगों ने लाल चिन्ह लगाए हैं, उन्होंने यह किस नीयत से किया है इसकी पूरी रिपोर्ट हमने तलब की है। अगर किसी ने गलत नीयत से किया होगा तो उसकी जवाबदेही भी तय होगी, लेकिन अगर सावधानीवश केवल चिह्नित करने के लिए किया गया है तो यह कुकरैल नदी के पुनर्व्यवस्थापन के लिए लोगों को सावधान करने के लिए है। 

Also Read