ऑथर

UP Politics : मौर्य ने नहीं मानी अखिलेश की नसीहत, फिर की हिंदू धर्म पर विवादित टिप्पणी

Uttar Pradesh Times | Swami Prasad Maurya

Dec 26, 2023 13:17

सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिल्ली में कहा कि हिंदू धर्म एक धोखा है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का हवाला देकर कहा कि शीर्ष अदालत भी 1995 में कह चुकी है कि हिंदू कोई धर्म नहीं है।

लखनऊ : लोकसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी अपने जातीय आधार को बढ़ाने पर जोर दे रही है। सपा पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) से आगे देख रही है। इसलिए वह सवर्णों को जोड़ने की कवायद में लग गई है। इसी कड़ी में सपा ने लखनऊ में ब्राह्मण सम्मेलन किया था। इस सम्मेलन के लिए कन्नौज से आए महाब्राह्मण समाज पंचायत ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से गुजारिश की थी कि वह अपनी पार्टी के उन नेताओं पर रोक लगाएं, जो लगातार हिंदू धर्म पर टिप्पणी करते रहते हैं। इनका इशारा सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य की ओर था। अखिलेश यादव ने उन्हें आश्वस्त भी किया कि इस तरह की हरकतों पर लगाम लगाई जाएगी। इसके तुरत बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर हिंदू धर्म को लेकर विवादित बयान दे दिया। उन्होंने दिल्ली में कहा कि हिंदू धर्म एक धोखा है। 

मौर्य बोले- पीएम मोदी भी इसे धर्म नहीं मानते
समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिल्ली में कहा कि हिंदू धर्म एक धोखा है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का हवाला देकर कहा कि शीर्ष अदालत भी 1995 में कह चुकी है कि हिंदू कोई धर्म नहीं है। यह जीवन जीने की एक शैली है। इसके अलावा आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी दो बार कह चुके हैं कि हिंदू नाम का कोई धर्म नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक कला है। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कह चुके हैं है कि हिंदू धर्म कोई धर्म नहीं है। उन्होंने कहा कि जब ये लोग ऐसे बयान देते हैं तो किसी की भावनाएं आहत नहीं होतीं, मगर यही बात स्वामी प्रसाद मौर्य कहते हैं तो पूरे देश में भूचाल आ जाता है।

उठा चुके हैं हिंदू धर्म पर सवाल
कुछ समय पहले स्वामी प्रसाद मौर्य ने रामचरितमानस पर विवादित बयान दिया था। इसके बाद एक्स पर ब्राह्मणों को लेकर भी एक पोस्ट किया था। उन्होंने वीडियो डालकर लिखा था कि ब्राह्मणवाद की जड़ें बहुत गहरी हैं। सारी विषमता की जड़ में यही है। मौर्य ने कहा था कि हिंदू नाम का कोई धर्म नहीं है। हिंदू धर्म धोखा है। सही मायने में ब्राह्मण धर्म है। उसी ब्राह्मण धर्म को हिंदू कहकर के इस देश के पिछड़ों, दलितों और आदिवासियों का शोषण किया जाता है। इसी वजह से सपा के ब्राह्मण नेता भी स्वामी प्रसाद मौर्य से नाराज हैं। वे पहले ही अखिलेश यादव से इस पर रोक लगाने को कह चुके हैं।

रामचरित मानस और मां लक्ष्मी पर भी की थी टिप्पणी 
 मौर्य ने रामचरितमानस पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि इसमें दलितों-महिलाओं का अपमान किया गया है। उन्होंने इसे बकवास बताते हुए कहा था कि सरकार को इस पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए। मौर्य ने मां लक्ष्मी पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि दुनिया में कहीं भी चार हाथ वाले बच्चे पैदा नहीं होते, फिर माता लक्ष्मी कैसे हो गईं?

Also Read