राजा भैया ने योगी के पैर छुए : विधानसभा में सपा के बागी विधायकों ने भी लिया आशीर्वाद, पेपर लीक में फंसे बेदीराम ने भी किए चरण स्पर्श

UPT | राजा भैया ने योगी के पैर छुए

Jul 29, 2024 20:24

उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी के कई विधायक सीएम योगी आदित्यनाथ के पैर छूते नजर आए। विधानसभा में मानसून सत्र के पहले ही दिन ये चौंकाने वाला नजारा दिखा...

Lucknow News : उत्तर प्रदेश विधानसभा में समाजवादी पार्टी के कई विधायक सीएम योगी आदित्यनाथ के पैर छूते नजर आए। विधानसभा में मानसून सत्र के पहले ही दिन ये चौंकाने वाला नजारा दिखा। 

योगी के पैर छूकर विधायकों ने लिया आशिर्वाद
मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ जैसे ही विधानसभा पहुंचे, भाजपा के कई विधायक उनके पास आए और पैर छूकर आशीर्वाद लिया। अपनी सीट से उठकर कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया भी सीएम योगी के पास पहुंचे। उनका हालचाल जाना। फिर पैर छूकर आशीर्वाद लिया। पैर छूने वालों में सपा के बागी विधायक अभय प्रताप सिंह भी थे। इसके अलावा पेपर लीक में आरोपी सुभासपा के विधायक बेदीराम भी चरण स्पर्श करने वालों में दिखे।

अयोध्या में भी छुए थे पैर
प्रतापगढ़ के युवराज रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चरण स्पर्श करना न केवल परंपरागत सम्मान का प्रतीक था, बल्कि राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय भी बन गया। यह पहली बार नहीं था जब राजा भैया ने योगी आदित्यनाथ के प्रति इस तरह का सम्मान प्रदर्शित किया। इससे पहले, 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भी उन्होंने ऐसा ही किया था। उस समय, राम मंदिर की सीढ़ियों पर, राजा भैया और मुख्यमंत्री योगी का सामना हुआ था, जहां इसी तरह का सम्मान का आदान-प्रदान हुआ था।

भाजपा से करीबी बढ़ा रहे!
राजा भैया जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनकी राजनीतिक यात्रा काफी दिलचस्प रही है। उन्होंने 2018 में अपनी पार्टी की स्थापना की और वर्तमान उत्तर प्रदेश विधानसभा में उनकी पार्टी के दो विधायक हैं। स्वयं राजा भैया कुंडा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। कई मौकों पर राजा भैया भारतीय जनता पार्टी से नजदीकियां जाहिर करते रहे हैं। उन्होंने कई अवसरों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की है। 

Also Read