यूपी विधानसभा मानसून सत्र : योगी कैबिनेट में अनुपूरक बजट को मंजूरी, केशव मौर्य ने एक्स पर तस्वीर की पोस्ट

UPT | मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की अध्‍यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक।

Jul 31, 2024 01:08

केशव मौर्य ने सोशल साइट एक्स पर लिखा कि लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व कैबिनेट मंत्रियों के साथ जनता के विकास से जुड़ें विषयों पर आयोजित उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में सम्मिलित हुआ।

Lucknow News : उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। प्रश्नकाल में सरकार की ओर से विभिन्न सवालों का जवाब दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधानसभा में मौजूद हैं। वहीं नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद भी सदन में उपस्थित हैं। प्रदेश सरकार मंगलवार को 2024-25 का पहला अनुपूरक बजट पेश करने जा रही है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ की अध्‍यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस अनुपूरक बजट को मंजूरी दी गई। अनुपूरक बजट का आकार करीब 30 हजार करोड़ रुपए का बताया जा रहा है। इस धनराशि से प्रदेश के विकास कार्यों को गति मिलने की बात कही जा रही है। इसके अलावा प्रदेश सरकार विभिन्न बड़े प्रोजेक्ट के लिए भी अनुपूरक बजट में धन की व्यवस्था करेगी। वित्‍त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश सरकार का एजेंडा विकास की गति को आगे बढ़ाना है। इसके मद्देनजर कोशिश की गई है कि तात्कालिक आवश्यकताएं,  योजनाओं को आगे बढ़ाने के साथ ही लगातार ऐसी व्यवस्था होती रहे जिससे रोजगार के अवसर बढ़ते रहें। 

केशव मौर्य ने कही ये बात
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट बैठक में दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी शामिल हुए। केशव मौर्य ने सोशल साइट एक्स पर लिखा कि लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व कैबिनेट मंत्रियों के साथ जनता के विकास से जुड़ें विषयों पर आयोजित उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में सम्मिलित हुआ।

केशव मौर्य को लेकर सोमवार को कई अटकलों ने पकड़ा जोर
इससे पहले सोमवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अपने ताजा बयान के कारण चर्चा में रहै। केशव मौर्य सोमवार सुबह यूपी विधानमंडल सत्र से पहले बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ नजर आए। इसके बाद भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में वह शामिल होने तो पहुंचे। लेकिन, अपने भाषण के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ चले गए। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम में पहुंचे। सीएम और दोनों डिप्टी सीएम के एक कार्यक्रम में आमंत्रित होने के बावजूद एक साथ नहीं रहने को लेकर एक बार फिर कई सवाल उठे। जिस तरह से मुख्यमंत्री के आने से पहले दोनों डिप्टी सीएम एक साथ रवाना हुए, उससे एक बार​ फिर सरकार में आपसी विवाद की चर्चा ने जोर पकड़ लिया। 

बयान के कारण सुर्खियों में रहे केशव मौर्य 
कार्यक्रम में केशव मौर्य के बयान को भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष से जोड़ा गया। इसमें उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के तमाम मुख्यमंत्रियों को नहीं पता था कि वो कभी सीएम बनेंगे। माना जा रहा है कि केशव मौर्य ने इशारों ही इशारों में सीएम योगी आदित्यनाथ को लेकर ये बात कही है। दरअसल प्रदेश में उपचुनाव को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कमान जहां अपने हाथों में ली है और मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं जब वह पहली बार 19 मार्च 2017 को यूपी के मुख्यमंत्री बनाए गए तो इससे पहले उनका नाम कहीं चर्चा में नहीं था। केशव मौर्य तब प्रदेश अध्यक्ष थे। इसके बाद से वह भाजपा सरकार में डिप्टी सीएम हैं। हालांकि विधानसभा 2022 में उन्हें सिराथू से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद से विभिन्न मौकों पर उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनबन की चर्चा होती रही है। हालांकि दोनों ओर से सार्वजनिक तौर पर कभी किसी का नाम लेकर कुछ नहीं कहा गया। वहीं मंगलवार को केशव मौर्य सोशल साइट एक्स पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक में शामिल होने की जानकारी दी। 

Also Read