बागपत की बड़ी खबर : कोहरे में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक और ट्रैवलर बस की टक्कर में दो की मौत, 20 घायल

Uttar Pradesh Times | ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे

Dec 27, 2023 11:34

बागपत जिले के खेकड़ा के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर ट्रक और ट्रैवलर बस के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में 20 लोग घायल हैं...

Baghpat News : बुधवार तड़के ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर घने कोहरे के चलते भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं 20 यात्री घायल बताए जा रहे है। सभी घायल यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को मेरठ रेफर किया गया है। घटना बुधवार तड़के खेकड़ा के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर हुई है। बता दे कि पश्चिम यूपी में दो दिन से कोहरे की गहरी चादर छाई हुई है। घने कोहरे के कारण हाईवे और एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसों की संख्या भी बढ़ रही है।

मौके पर पहुंची चार सरकारी 108 एम्बुलेंस
बागपत जिले के खेकड़ा के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर ट्रक और ट्रैवलर बस के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में 20 लोग घायल हैं। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। यात्रियों में चीख पुकार मच गई। दो यात्रियों की मौत हो गई। एक्सप्रेस वे पर हादसे की सूचना के बाद चार सरकारी 108 एम्बुलेंस पहुंचीं हैं। घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं गंभीर रूप से घायलों को मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है।
 
वृंदावन से पंजाब वापस लौट रहे थे श्रद्धालुगण  
खेकड़ा के पास ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर लकड़ी से भरे ट्रक में पंजाब वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैवलर बस घुस गई। बस में सवार सभी लोग वृंदावन से वापस लौट रहे थे। घने कोहरे के कारण बस का ड्राइवर एक्सप्रेस वे पर सड़क किनारे खड़े ट्रक को नहीं देख सका जिसके चलते हादसा हो गया। हादसे का शिकार हुई ट्रैवलर बस में सवार पंजाब बलाचौर निवासी महिला मनीषा ने बताया कि सभी उनके कस्बे से हैं। ट्रैवलर बस से होकर वृंदावन घूमने गए थे। जिसमे 15 महिला श्रद्धालु थीं। उन्होंने बताया कि वृंदावन से लौटते समय देर रात उनकी बस ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर खेकड़ा के समीप पहुंची तो खड़े लकड़ी से भरे ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में सीमा, मनदीप की मौके पर मौत हो गई।


 

Also Read