खेत में मिला तेंदुए की मादा शावक का शव : गांव में दहशत का माहौल, पोस्टमार्टम में पता चलेगा मौत का कारण

UPT | खेत में मिला तेंदुए की मादा शावक का शव

Aug 09, 2024 13:55

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में शुक्रवार की सुबह तेंदुए के दो शावक देखे गए। शावक को देखकर किसान घबरा गए। गांव के लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी...

Baghpat News : उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में शुक्रवार की सुबह तेंदुए के दो शावक देखे गए। शावक को देखकर किसान घबरा गए। गांव के लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। जिसके बाद चौंकाने वाला दृश्य देखने को मिला। दो शावकों में से एक की मौत हो चुकी थी। वन विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है।

किसान को दिखे शावक
बड़ौत के दाहा क्षेत्र में निरपुड़ा गांव के जंगल में शुक्रवार को एक किसान खेत में पानी दे रहा था, तभी उसने तेंदुए के दो शावक देखे। इनमें से एक शावक मृत अवस्था में मिला, जबकि दूसरा खेत में भाग गया। इस घटना से किसानों में भय फैल गया। मौजूदा लोगों ने मादा शावक होने की आशंका जताई। सूचना मिलने पर दोघट और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत मादा शावक के शव को संतनगर नर्सरी ले गई।
मृत पड़े शावक से घबराए लोग
खेत में पहुचें एक किसान ने तेंदुए के दो शावकों को देखा तो उसने इसकी सूचना पहले गांव में दी। इस बीच, अन्य किसान भी लाठी और डंडे लेकर घटना स्थल पर पहुंच गए। भीड़ को देखकर दूसरा शावक खेत में भाग गया, जबकि पहला शावक खेत में ही पड़ा रहा। मादा तेंदुए की उपस्थिति की आशंका से किसान चिंतित हो गए और उन्होंने इस घटना की सूचना दोघट थाना पुलिस और वन विभाग को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम
सूचना मिलने पर दोघट पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जहां उन्हें शावक मृत अवस्था में मिला। वन विभाग की टीम ने शावक को कपड़े में लपेटकर बाइक पर संतनगर नर्सरी ले जाया। संतनगर नर्सरी पर चिकित्सकों की टीम शावक का पोस्टमार्टम करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि शावक की मौत किस कारण हुई।

Also Read