Raksha Bandhan 2024 : रक्षाबंधन पर भद्रा का साया, दोपहर बाद इस बेहद शुभ योग में बांधे भाइयों को राखी

UPT | रक्षाबंधन के लिए राखियों की खरीदारी करतीं युवतियां।

Aug 17, 2024 09:58

सूर्य में शुक्र होने के कारण सुबह से लेकर शाम तक शुक्रादित्य योग रहेगा। इसके अलावा सर्वार्थ सिद्धि एवं शोमन योग, रवि योग व सौभाग्य योग में रक्षाबंधन मनाया जाएगा। ये सभी योग पूरे दिन रहेंगे।

Short Highlights
  • 19 अगस्त सावन की पूर्णिमा को मनाया जाएगा पर्व 
  • रक्षाबंधन पर दोपहर तक रहेगा भद्रा का साया
  • 19 अगस्त को सुबह 3:05 पर पूर्णिमा शुरू  
Raksha Bandhan 2024 Shubh Muhurat Time : भाई-बहन के प्यार का पर्व रक्षाबंधन 19 अगस्त को मनाया जाएगा। रक्षा बंधन सावन की पूर्णिमा पर मनाया जाता है। रक्षा बंधन पर भद्रा का साया होने के कारण राखी बांधने का मुहूर्त दोपहर बाद से होगा। 

19 अगस्त को सुबह 3:05 पर पूर्णिमा लग जाएगी
ज्योतिषाचार्य भारत ज्ञान भूषण के अनुसार 19 अगस्त को सुबह 3:05 पर पूर्णिमा लग जाएगी। इसके साथ भद्रा प्रारंभ हो जाएगी। पूर्णिमा 19 अगस्त की रात्रि 11:55 तक रहेगी। भद्रा सोमवार को दोपहर 1:33 तक रहेगी। इसलिए रक्षाबंधन पर भद्रा के बाद राखी बांधना शास्त्र सम्मत बताया है। इसके अलावा सोमवार को सुबह 7:32 से 9:09 तक राहुकाल रहेगा। राहुकाल में किसी भी प्रकार के शुभ कार्य न करें।

रक्षाबंधन के लिए लोगों में उत्साह है
रक्षाबंधन के लिए लोगों में उत्साह है। बाजारों में राखी की खरीदारी की जा रही है। मिष्ठान भंडार, कपड़ों के शोरूम, उपहार की दुकानों व ज्वेलर्स के शोरूमों पर भी लोगों की भीड़ पहुंच रही है। ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन में खरीदारी खूब की जा रही है।

राखी पर चार शुभ योग बन रहे
उन्होंने बताया हैं कि इस बार राखी पर चार शुभ योग बन रहे हैं। रक्षाबंधन के दिन बन रहे इन योगों में राखी बांधना काफी उत्तम माना जा रहा है। सूर्य में शुक्र होने के कारण सुबह से लेकर शाम तक शुक्रादित्य योग रहेगा। इसके अलावा सर्वार्थ सिद्धि एवं शोमन योग, रवि योग व सौभाग्य योग में रक्षाबंधन मनाया जाएगा। ये सभी योग पूरे दिन रहेंगे।

राखी बांधने की विधि
रक्षाबंधन पर बहनों को भाई की कलाई पर राखी सही विधि से बांधनी चाहिए। इसके मुताबिक, सबसे पहले भाई को टीका लगाएं। इसके बाद भाई की दाहिने कलाई पर राखी बांधें। राखी बांधने के बाद भाई को मिठाई खिलाएं। भाई की आरती उतारें और उसके सुखी जीवन की कामना करें। राखी बंधवाने के बाद भाई को अपनी बहनों के चरण स्पर्श करने चाहिए। इसके साथ रक्षा बंधन का मंत्र(येन बद्धो बलि राजा, दानवेन्द्रो महाबल:। तेन त्वाम् प्रतिबद्धनामि ,रक्षे माचल माचल:।) बोलना चाहिए।

Also Read