नोएडा में तेज बारिश बनी आफत : मकान का छत गिरने से 7 लोग दबे, 4 गंभीर रूप से घायल

UPT | मकान का छत गिरने से 7 लोग दबे

Sep 07, 2024 16:17

गौतमबुद्ध नगर में शनिवार तड़के हुई तेज बारिश ने जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं थाना जारचा क्षेत्र के छोलस गांव में एक परिवार के लिए आफत बनकर बरसी।

Short Highlights
  • नोएडा में तेज बारिश बनी आफत
  • बारिश के बाद गिरी छत
  • 4 लोगों की हालत गंभीर
Noida News : गौतमबुद्ध नगर में शनिवार तड़के हुई तेज बारिश ने जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं थाना जारचा क्षेत्र के छोलस गांव में एक परिवार के लिए आफत बनकर बरसी। बारिश के चलते एक जर्जर मकान की छत ढह गई, जिसके मलबे में परिवार के सात लोग दब गए। हादसे के तुरंत बाद पड़ोसी घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को दादरी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

बारिश के बाद गिरी छत
घटना की जानकारी के अनुसार, छोलस गांव में सैफ अली नामक व्यक्ति अपने परिवार के साथ रहता है और मजदूरी का काम करता है। शनिवार तड़के भारी बारिश के कारण उसके मकान की कच्ची छत ढह गई, जिससे सैफ अली और उसके परिवार के सदस्य मलबे के नीचे दब गए। घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल में भेजा। अस्पताल में इलाज के दौरान कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसमें बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं।

4 लोगों की हालत गंभीर
पुलिस के अनुसार, छोलस गांव में तेज बारिश के कारण मकान की छत गिर गई, जिसके चलते सात लोग मलबे में दब गए। इनमें से चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि शेफाली के परिवार के सदस्य शकीला, शान, अली खान और अन्य लोग इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और संबंधित विभागों को स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया गया है।

घायल अस्पताल में भर्ती
अपर पुलिस उपायुक्त अशोक कुमार सिंह ने जानकारी दी कि शनिवार को छोलस गांव में एक मकान की छत तेज बारिश के कारण गिर गई। इस घटना में 34 वर्षीय सैफ अली, 50 वर्षीय शकीला, 2 वर्षीय अली खान, 4 वर्षीय सोहन, 34 वर्षीय शाहिद, 8 वर्षीय शान, और 3 वर्षीय तैमूर मलबे में दब गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चार की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है।

Also Read