Meerut News : सात साल में ढाई गुना बढ़े सोने के दाम, 2023 में गोल्ड में आया 23 प्रतिशत का उछाल

UP Times | सात साल में ढाई गुना बढ़े सोने के दामv

Dec 29, 2023 16:32

पिछले सात साल में सोना अपने निवेशकों को ढाई गुना तक रिटर्न दे चुका है। वर्ष 2017—18 के शुरूआत में जहां 24 कैरेट सोने का भाव 29 से 30,000 हजार रुपए प्रति दस ग्राम था...

Meerut News : सोने में निवेश आज भी लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। पिछले सात साल में सोना अपने निवेशकों को ढाई गुना तक रिटर्न दे चुका है। वर्ष 2017-18 के शुरूआत में जहां 24 कैरेट सोने का भाव 29 से 30,000 हजार रुपए प्रति दस ग्राम था, वहीं आज दिसंबर 2023 में सोने का भाव 63,790 रुपए प्रति दस ग्राम है। यानी इन सालों में सोने की कीमत में भारी वृद्धि हुई है।

पिछले पांच साल में सोने के दाम
पिछले पांच साल में सोने के दाम में तेजी आई है। इन दौरान तीन साल कोरोना संक्रमण काल और उससे पहले देश में हुई नोटबंदी ने सोने की मांग तेजी से बढ़ा दी। नतीजा ये हुआ कि लोगों ने सोने में जमकर निवेश किया और इस कीमती धातु के दाम तेजी से बढ़ते रहे। पांच साल में सोने ने ढाई गुना रिटर्न दिया है। इंडियन बुलियन ट्रेड कार्पोरेशन के डायरेक्टर आशुतोष अग्रवाल कहते हैं कि सोने की कीमतों पर वैश्विक परिस्थितियों का बड़ा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बताया पिछले पांच साल में देश में कई ऐसी बड़ी घटनाएं हुई। जिसके बीच लोगों ने सोने में निवेश करना ही बेहतर समझा। इसके नतीजे भी सोने ने लोगों के अनुकूल दिए। आशुतोष अग्रवाल कहते हैं कि 24 कैरेट सोने की कीमत 2019 के शुरूआत में जहां 38,792 रुपए प्रति दस ग्राम थी। वहीं आज सोने का भाव 65,270 रुपए प्रति दस ग्राम है। यानी इन पांच सालों में सोने के दाम में करीब 26,478 रुपए की वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि नोटबंदी और कोरोना संक्रमण काल का सोने की कीमत पर बहुत असर पड़ा है। इन दो घरेलू परिस्थितियों के कारण सोने की कीमतों में जबरदस्त तेजी आई।

लगातार बढ़ते गए दाम
दिसंबर 2019 को 24 कैरेट सोने का दाम 38,792 रुपए प्रति दस ग्राम रहा था।  वहीं 2020 दिसंबर को 24 कैरेट सोने का भाव 48,592.00 रुपए प्रति दस ग्राम रहा। इसके अलावा अगस्त 2020 में ही सोना अपने आलटाइम हाई रेट 56,200 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया था। वर्ष 2021 दिसंबर को 24 कैरेट सोने का दाम 48,292 रुपए प्रति दस ग्राम रहा था। दिसंबर 2022 में 24 कैरेट सोने का दाम 55,050 रुपए प्रति दस ग्राम रहा था। आज 29 दिसंबर 2023 को 24 सोने का भाव 63,490 रुपए प्रति दस ग्राम है।

2023 जून में गिरे सबसे अधिक दाम
सोने की कीमत की बात वर्ष 2023 की करें तो एक जनवरी 2023 को 24 कैरेट सोने का दाम 55,060 रुपए प्रति दस ग्राम था। जो कि अब 63,490 रुपए प्रति दस ग्राम के आसपास पहुंच गया है। यानी जनवरी 2023 से लेकर 29 दिसंबर 2023 के बीच सोने की कीमत में 8,430 रुपए प्रति दस ग्राम की बढोत्तरी हुई है।

माह                           24 कैरेट सोने का भाव
जनवरी          2023      55,060
फरवरी          2023      57,840
मार्च              2023      59,140
अप्रैल            2023      60,020
मई               2023      60,280
जून               2023      58,160
जुलाई           2023      59,790
अगस्त           2023      59,900
सितंबर          2023      59,560
अक्टूबर         2023      61,350
नवंबर            2023      62,880
29 दिसंबर      2023      63,490
उपरोक्त कीमतों को देखने पर पता चलता है, कि जून 2023 में सोने की कीमत में जबरदस्त गिरावट देखी गई। मई में जहां सोने का भाव रिकाॅर्ड 60 हजार के ऊपर पहुंच गया था। वहीं जून 2023 में 24 कैरेट सोने का भाव 58,160 रुपए प्रति दस ग्राम तक गिर गया था, लेकिन उसके बाद से सोने के दामों में तेजी आती जा रही है।

शहरों में सोने का दाम होता है अलग-अलग
सोने का भाव प्रत्येक शहरों में अलग-अलग होता है। लेकिन बुलियन एसोसिएशन द्वारा तय किए गए गोल्ड मूल्यों में अधिक अंतर नहीं आता है। शहरों में सोने की कीमत में 100 रूपए से लेकर 150 रुपए प्रति दस ग्राम तक का ही अंतर आता है। ऐसा सोने के जेवर की मेकिंग कॉस्ट और सिटी टैक्स के कारण होता है। सोने का भाव ऐसे ही शहरों में अलग-अलग होता है जैसे कि पेट्रोल और डीजल का दाम।

Also Read