Weather Update : दिन में रहेगी गर्मी या रात का बढ़ेगा तापमान, जानिए इस सप्ताह कैसा रहेगा मौसम का हाल

UPT | मेरठ में सुबह से ही सूरज ने दिखाए तेवर।

Apr 08, 2024 10:41

नमी में कमी की वजह बंगाल की खाड़ी से हवा का नहीं आना है। पश्चिम से आने वाली हवा शुष्क होती है। इसलिए वातावरण में नमी...

Short Highlights
  •  अप्रैल महीने की शुरूआत धूप की तपिश के साथ 
  • आज सोमवार को तापमान 36 डिग्री तक पहुंचने की संभावना
  • वातावरण में नमी का स्तर 60 प्रतिशत दर्ज किया गया
Meerut : मेरठ में अप्रैल महीने की शुरुआत के साथ धूप की तपिश बढ़ने लगी है। इस वजह से दिन में गर्मी लग रही है तो रात का तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने इस सप्ताह मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। आज सोमवार को दिन की शुरूआत साफ मौसम और तेज धूप के साथ हुई है। तेज धूप खिली और समय बढ़ने के साथ गर्मी भी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिन में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की उम्मीद है। जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है। पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में दो  डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आज सोमवार सुबह मौसम में नमी का स्तर 60 प्रतिशत रहा। जबकि रविवार की शाम मौसम में नमी का स्तर मात्र 30 फीसदी रहा था। दिन में हवा की गति दस से 12 किलोमीटर प्रति घंटा पश्चिम से पूरब दिशा की ओर है। पिछले सप्ताह अधिकतम व न्यूनतम तापमान दो-दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हुई है। 

अब तापमान लगातार तेजी से बढ़ेगा
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष ने बताया कि अब तापमान लगातार तेजी से बढ़ेगा। आने वाले दिनों में अब बारिश का अनुमान बिल्कुल भी नहीं है। नमी में कमी की वजह बंगाल की खाड़ी से हवा का नहीं आना है। पश्चिम से आने वाली हवा शुष्क होती है। इसलिए वातावरण में नमी कम है। इन दिनों तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। इस सप्ताह तापमान दो डिग्री और बढ़ने का अनुमान है।

दिन के बाद रात का तापमान भी बढ़ा 
मेरठ और आसपास के जिलों में दिन के बाद अब रात का तापमान बढ़ रहा है। मेरठ में मौसम काफी शुष्क है। दिन का तापमान स्थिर रहने के कारण गर्मी का एहसास लोगों को हो रहा है। सुबह से तेज धूप निकल रही है और दिनभर मौसम साफ होने के कारण तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। सुबह हवा कम और दोपहर व शाम के समय तेज हो रही है। 
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष ने बताया कि तापमान में वृद्धि के साथ गर्मी बढ़ेगी। रविवार को मेरठ का दिन में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 

Also Read