राज्यसभा चुनाव 2024 : आगरा के मेयर रह चुके नवीन जैन जाएंगे उच्च सदन, कभी चलाते थे कैंटीन

UPT | आगरा के मेयर रह चुके नवीन जैन जाएंगे उच्च सदन

Feb 27, 2024 15:32

आगरा के मेयर रहे नवीन जैन अब राज्यसभा के सदस्य बन गए हैं। वह एक समय कैंटीन चलाया करते थे। तमाम संघर्षों के बाद नवीन जैन ने आरएसएस के स्वयंसेवक से राज्यसभा सदस्य तक का सफर तय किया है।

Short Highlights
  • नवीन जैन जाएंगे राज्यसभा
  • आगरा के रह चुके हैं पूर्व मेयर
  • वैश्य समाज का बड़ा चेहरा हैं नवीन
New Delhi : उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए मंगलवार को वोटिंग हुई। इस दौरान में विपक्ष के कई विधायकों ने पाला बदलकर भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया। भाजपा ने इस बार जिन 8 उम्मीदवारों पर दांव लगाया है, उसमें से नवीन जैन भी एक हैं। वह बीजेपी के करोड़पति कैंडिडेट्स की लिस्ट में शामिल हैं। नवीन पहले आगरा के मेयर भी थे।

आगरा के मेयर रह चुके हैं नवीन जैन
नवीन जैन 2017 में आगरा के मेयर रह चुके हैं। वह ऑल इंडिया मेयर काउंसिल का अध्यक्ष भी चुने गए थे। नवीन जैन के पिता का 12 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। इसके बाद उन्होंने जीवनी मंडी के पास एलआईसी दफ्तर में एक कैंटीन की शुरुआत की। वहां वह चाय, कचौड़ी और मिठाइयां बेचा करते थे। इसके बाद 1989 में नवीन जैन ने अपने भाइयों के साथ मिलकर नए काम की शुरुआत की।

कैंटीन चलाने से लेकर एक्सप्रेसवे बनाने तक का सफर
बेहद ताज्जुब की बात है कि कभी एक छोटी-सी कैंटीन चलाने वाले नवीन जैन  आज पीएनसी कंपनी के मालिक हैं। उनकी कंपनी देश की लीडिंग कंपनियों में शुमार है। यह कंपनी देश भर में हाईवे और एक्सप्रेसवे बनाने का काम करती है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र और दिल्ली समेत कई राज्यों में उनकी कंपनी एक्सप्रेसवे बना रही है।

400 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं नवीन
नवीन जैन ने 2017 में आगरा में मेयर पद के चुनाव के लिए जो हलफमाना दाखिल किया था, उसके मुताबिक उनकी संपत्ति 409 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है। उनपर 4 क्रिमिनल केस भी दर्ज हैं। उन्होंने 1989 में बीजेपी से पार्षद का चुनाव लड़ा था। इसके बाद उन्हें डिप्टी मेयर चुन लिया गया था। मेयर बनने के बाद उन्होंने आगरा को 'नवीन आगरा ग्रीन आगरा' का स्लोगन दिया था।

वैश्य समाज का बड़ा चेहरा हैं नवीन
नवीन जैन वैश्य समाज का बड़ा चेहरा हैं। आरएसएस के स्वयंसेवक के तौर पर अपने सामाजिक जीवन की शुरुआत करने वाले नवीन जैन ने पार्षद से डिप्टी मेयर और फिर मेयर तक का सफर तय किया। संगठन में अपनी मजबूत पकड़ के कारण उन्हें फतेहपुर सीकरी और फिरोजाबाद सीट पर प्रबल दावेदार माना जा रहा था। बतौर मेयर, शहर में उनके द्वारा किए गए कार्यों से लोग खासकर व्यापारी वर्ग बेहद खुश था।

Also Read