राज्यसभा चुनाव 2024 : राहुल के करीबी आरपीएन सिंह कैसे बने भाजपा के खास, जानिए पूरी कहानी

UPT | राहुल के करीबी आरपीएन सिंह कैसे बने भाजपा के खास?

Feb 27, 2024 17:16

भाजपा ने आरपीएन सिंह का राज्यसभा चुनाव 2024 में उम्मीदवार बनाया है। वह पडरौना के राजपरिवार में जन्मे हैं। उनके पिता इंदिरा गांधी के बेहद खास थे। आरपीएन सिंह एक जमाने में राहुल गांधी की टीम का हिस्सा थे।

Short Highlights
  • बीजेपी नेता आरपीएन सिंह जाएंगे राज्यसभा
  • राहुल गांधी की टीम का हिस्सा थे आरपीएन
  • आरपीएन के पिता को राजनीति में लाई थीं इंदिरा
New Delhi : राज्यसभा चुनाव 2024 के लिए उत्तर प्रदेश की 10 सीटों पर मंगलवार को मतदान हो रहे हैं। 10 सीटों के लिए 11 उम्मीदवार मैदान में होने के कारण इस चुनाव में क्रॉस वोटिंग के कयास पहले से लगाए जा रहे थे। इन उम्मीदवारों में 2022 में कांग्रेस से बीजेपी में आए नेता आरपीएन सिंह भी शामिल हैं। आरपीएन सिंह एक जमाने में राहुल गांधी की टीम का हिस्सा थे।

राजपरिवार में जन्म, पत्रकार से शादी
आरपीएन सिंह का पूरा नाम कुंवर रतनजीत प्रताप नारायण सिंह है। उनका जन्म 1964 को पडरौना के राजपरिवार में हुआ था। झारखंड विधानसभा चुनाव में वह कांग्रेस की तरफ से प्रभारी रहे। आरपीएन सिंह ने 2002 में पत्रकार सोनिया सिंह से शादी की थी। आरपीएन सिंह पडरौना स्थित अपने राजमहल में ही रहते हैं।

दून स्कूल से पढ़ाई, फिर अमेरिका से उच्च शिक्षा
आरपीएन सिंह की देहरादून के प्रसिद्ध दून स्कूल से हुई है। इसी बोर्डिंग स्कूल से राजीव गांधी, राहुल गांधी और नवीन पटनाइक समेत कई दिग्गजों ने पढ़ाई की है। इसके बाद सिंह ने दिल्ली के सेंट स्टीफन्स कॉलेज में बीए (इतिहास) एडमिशन ले लिया। उच्च शिक्षा के लिए वह अमेरिका भी गए। लेकिन इस बीच ही पिता की हत्या हो जाने के बाद उन्हें अपनी पढ़ाई बीच में छोड़कर वापस आना पड़ा।

पहला चुनाव हारने से मंत्री बनने तक का सफर
पिता की मौत के बाद आरपीएन सिंह ने राजनीति में शामिल होने का फैसला किया। 1993 में पहली बार उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर पडरौना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। इसके बाद 1996, 2002 और 2007 में लगातार तीन बार पडरौना से चुनाव जीते। 2009 में स्वामी प्रसाद मौर्य को हराकर उन्होंने लोकसभा चुनाव में भी जीत दर्ज की। इसके बाद वह मनमोहन सिंह की सरकार में राज्यमंत्री भी रहे।

आरपीएन के पिता को राजनीति में लाई थीं इंदिरा
आरपीएन सिंह के पिता सीपीएन सिंह को राजनीति में इंदिरा गांधी ही लेकर आई थीं। सीपीएन सिंह भी कुशीनगर से लोकसभा सांसद थे, जो इंदिरा गांधी की सरकार में रक्षा राज्य मंत्री भी रहे थे। वहीं आरपीएन सिंह 1997 से 1999 तक उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष भी रहे हैं। 2003 से 2006 तक वह कांग्रेस में सचिव रहे।

Also Read