हल्द्वानी में हिंसा, पहली बार कर्फ्यू : मुस्लिम बहुल इलाके में पुलिस और लोग आमने-सामने, छह की मौत, 300 से ज्यादा लोग घायल, सरकार ने आपात बैठक बुलाई

UPT | पुलिस की गाड़ियों को उपद्रवियों ने जला दिया।

Feb 09, 2024 11:40

बनभूलपुरा के मलिक का बगीचा क्षेत्र की नजूल भूमि पर अतिक्रमण है। कोर्ट के आदेश पर पिछले दिनों नगर निगम की टीम ने अभियान शुरू किया था। इस दौरान क्षेत्र में बने भवनों को ध्वस्त किया गया।

Short Highlights
  • बनभूलपुरा इलाके में अवैध मदरसा और नमाज स्थल ध्वस्त करने गई थी प्रशासन की टीम
  • उपद्रवियों ने घर के छतों से बरसाए पत्थर, थाने को जला दिया
Haldwani Violence News : उत्तराखंड के हल्द्वानी में चर्चित बनभूलपुरा इलाके में बृहस्पतिवार को सरकारी भूमि (नजूल) पर बनी अवैध मदरसा और नमाज स्थल ध्वस्त करने गई पुलिस, प्रशासन व नगर निगम की टीम पर उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। इस दौरान उपद्रवियों ने बनभूलपुरा थाने पर भी हमला कर दिया। भारी हिंसा के बाद शहर में पहली बार कर्फ्यू लगा दिया गया है। उपद्रवियों को देखते ही गोली मारने का आदेश दे दिया गया है। इस मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने हाई लेवल मीटिंग की है और उपद्रवियों से सख्ती से निपटने को कहा है।

ये है मामला
बनभूलपुरा के मलिक का बगीचा क्षेत्र की नजूल भूमि पर अतिक्रमण है। कोर्ट के आदेश पर पिछले दिनों नगर निगम की टीम ने अभियान शुरू किया था। इस दौरान क्षेत्र में बने भवनों को ध्वस्त किया गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान मदरसा और नमाज स्थल के भी नजूल भूमि में होने पर निगम ने दोनों को तोड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की थी। इस दौरान मदरसा और नमाज स्थल को सील कर दिया गया था। 

अचानक से किया हमला
बृहस्पतिवार को शाम करीब पांच बजे प्रशासन, पुलिस व नगर निगम की टीम बुलडोजर लेकर अतिक्रमण तोड़ने पहुंची। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी समेत करीब 500 से अधिक संख्या में पुलिस बल भी मौजूद था। जैसे ही बुलडोजर ने अतिक्रमण ध्वस्त करना शुरू किया चारों तरफ से अचानक पथराव शुरू हो गया। देखते ही देखते उपद्रवियों की भारी भीड़ जुट गई। घरों की छत व सड़कों से पथराव कर जहां-तहां पुलिस से लेकर मीडियाकर्मियों के वाहन जला दिए गए। पुलिस ने लाठीचार्ज करके भीड़ को हटाने की कोशिश की, लेकिन हालात बिगड़ते चले गए। साथ ही उपद्रवियों ने बनभूलपुरा थाने को जला दिया। 

इस दौरान गोली लगने से पिता और बेटे समेत छह लोगों की मौत की जानकारी भी मिली है। हिंसा में 300 से अधिक लोग जख्मी हुए हैं। इसमें अधिकतर पुलिस के जवान और अधिकारी शामिल हैं। 100 सेअधिक वाहनों को उपद्रवियों ने आग के हवाले कर दिया। 

महिलाओं ने भी किया विरोध
पुलिस द्वारा उपद्रवियों को मैदान से बाहर खदेडऩे पर यह तारबाड़ के बाहर से नारेबाजी और विरोध में उतर आई। इस बीच चारों दिशा से दीवार और तंग गलियों की आड़ से उपद्रवियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस एक जगह से खदेडऩे के लिए आगे बढ़ती तो दूसरी जगह से पत्थर बरसा फोर्स को पीछे खिसकाने की कोशिशें होने लगती। वहीं, अवैध अतिक्रमण को तोड़ने के बाद जब पुलिस बल और निगम कर्मचारी इलाके से बाहर निकलने लगे। तो रास्ते में पड़ने वाली हर गली से पथराव किया गया। पहले से छतों पर जमा किए पत्थरों का अंधेरा होने के बाद इस्तेमाल किया गया। बड़ा सवाल यह था कि बत्ती भी गुल हो गई। अंधेरे में फोर्स जमीन पर और उपद्रवी छतों और अचानक सामने से आकर हमले करने लगे।

घरों के गेट बंद किए ताकि फोर्स खुद को बचाने की जगह न ढूंढ सके
अंधेरा होने के बाद मलिक के बगीचा से बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो चुका था। पत्थरों से बचने के लिए पुलिस और निगमकर्मी लोगों के घरों में पनाह लेने की कोशिश कर सकते थे, लेकिन हर घर का गेट अंदर से बंद था। कुछ ने ताले लगा रखे थे। बाहरी छज्जे के नीचे खड़े होने पर उसी घर के ऊपर से पत्थर आ रहा था।

थाने के अलावा अन्य जगहों पर तोड़े सीसीटीवी
किसी भी घटना के बाद सीसीटीवी के माध्यम से उपद्रवियों को पहचाना जा सकता है, लेकिन उपद्रवियों ने बनभूलपुरा थाने के अलावा गोपाल मंदिर के पास सरकारी कैमरों को तोड़ा। इसके अलावा दुकान के बाहर लगे कैमरे भी तोड़ दिए गए।

कुमाऊं विश्वविद्यालय की परीक्षाएं स्थगित
हल्द्वानी में तनावपूर्ण माहौल के बाद कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से वर्तमान में आयोजित विभिन्न परीक्षाएं फिलहाल स्थगित कर दी गई हैं। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. महेंद्र राणा की ओर से आदेश जारी। स्थिति सामान्य होने पर आगामी परीक्षाओं को लेकर जल्द आदेश जारी किया जाएगा। 
पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि अर्धसैनिक बल की 4 कंपनियां हिंसा प्रभावित इलाके में भेजी गई हैं। ऊधमसिंह नगर से पीएसी की दो कंपनियां पहुंच चुकी हैं। हल्द्वानी से सटे उधमसिंह नगर जिले में धारा 144 लागू है। वहां पर सुरक्षा बढ़ाई दी गई है। हल्द्वानी में सभी पेट्रोल पंप बंद कर दिए गए हैं।

दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
नैनीताल की डीएम वंदना सिंह ने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। हमारे पास वीडियो रिकॉर्डिंग से लेकर दंगाइयों के अनेक इनपुट हैं। उन सबको एकत्र किया जा रहा है। नुकसान की भरपाई उन्हीं दंगाइयों के द्वारा की जाएगी। जानकारी जुटाने के लिए दंगाइयों के पोस्टर भी जारी किए जाएंगे। अवैध अतिक्रमण पर हमारा अभियान रुकने वाला नहीं है। 

डीजीपी ने क्या कहा
उत्तराखंड के डीजीपी अभिनव कुमार ने बताया कि शाम को करीब 5 बजे टीम कोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाने गई थी। इसके विरोध में अराजक तत्वों ने पथराव किया और आगजनी की। अवैध हथियारों से प्रशासन पर फायरिंग की। पुलिस की गाड़ियों को आग लगा दिया। थाने में भी तोड़फोड़ और आगजनी की गई। घटना की सूचना के बाद डीआईजी कुमाऊं भी पहुंचे। 

पूर्व मुख्यमंत्री ने की शांति की अपील
कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने वीडियो संदेश के जरिए हल्द्वानी में लोगों से शांति की अपील की है।  

हल्द्वानी बस स्टेशन को कराया गया खाली
हल्द्वानी बस स्टेशन को प्रशासन ने खाली करवा दिया है। हल्द्वानी और काठगोदाम से 8 बजे बाद रवाना होने वाली सभी बसों का निरस्त कर दिया गया है। बाहरी से आ रही बसों को रामपुर रोड पर रोका जा रहा है। हल्द्वानी में मोबाइल-इंटरनेट पर पाबंदी लगा दी गई है। सीमावर्ती इलाकों को सील कर दिया गया है। यूपी के बॉर्डर इलाकों को भी अलर्ट किया गया है। 
 

Also Read