Nitish Cabinet : बिहार में नीतीश की नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक, मंत्रियों को मिल सकता उनका विभाग

UPT | नीतीश कुमार

Jan 29, 2024 12:39

बिहार में नई सरकार यानी नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार आने के बाद पहली कैबिनेट बैठक आज सुबह 11.30 बजे से शुरू हो गई है। जिसमें डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, मंत्री विजय चौधरी, समेत मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य शामिल होंगे...

Lucknow News : बिहार में नई सरकार यानी नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार आने के बाद पहली कैबिनेट बैठक आज सुबह 11.30 बजे से शुरू हो गई है। जिसमें डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, मंत्री विजय चौधरी, समेत मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य शामिल होंगे। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर रहें हैं। इस बैठक में बिहार विधानमंडल का बजट सत्र बुलाए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी। जिसके बाद संभावना है कि इसमें बजट सत्र की तारीख तय होगी। नई सरकार गठन के बाद उसी दिन मंत्रिमंडल की पहली बैठक होती रही है पर इस बार किन्हीं कारणों से बैठक नहीं हो सकी थी।

आपको बता दें कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में छठी बार एनडीए सरकार का गठन हुआ। इस बार नीतीश कुमार ने नौवीं बार शपथ ग्रहण की। उनके साथ दो उप मुख्यमंत्रियों सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा समेत आठ मंत्रियों ने शपथ ली। सोमवार यानी आज इन मंत्रियों के विभाग भी बांटे जा सकते हैं। ऐसे में देखना होगा कि कौन सा विभाग किस मंत्री को दिया जाएगा।

इन मंत्रियों ने ली शपथ 
1. सम्राट चौधरी (भाजपा) 
2. विजय कुमार सिन्हा (भाजपा) 
3. विजय कुमार चौधरी (जदयू) 
4. बिजेंद्र प्रसाद यादव (जदयू) 
5. डॉ. प्रेम कुमार (भाजपा) 
6. श्रवण कुमार (जदयू) 
7. संतोष कुमार सुमन (हम) 
8. सुमित कुमार सिंह (निर्दलीय) 

वहीं शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने पटना पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार बन गई है। नीतीश कुमार वापस एनडीए के साथ आ गए हैं, यह हर्ष का विषय है। बिहार ने जो जनादेश दिया था, वह एनडीए को दिया था।

Also Read