12 साल की उम्र में पिता को खोया : बेहद संघर्षों में बीता बचपन, अब पेरिस ओलंपिक में भारत की तरफ से खेलेंगे राजकुमार पाल

UPT | पेरिस ओलंपिक में भारत की तरफ से खेलेंगे राजकुमार पाल

Jul 20, 2024 21:47

गाजीपुर के राजकुमार पाल का चयन पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के लिए हुआ है। उन्होंने 10 साल की उम्र में हॉकी खेलना शुरू कर दिया था। राजकुमार का बचपन काफी संघर्षों में बीता है।

Short Highlights
  • 53 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं राजकुमार
  • टोक्यो ओलंपिक में नहीं हो पाया था चयन
  • जनवरी में मिला है लक्ष्मण पुरस्कार
New Delhi : गाजीपुर के राजकुमार पाल का चयन पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम के लिए हुआ है। उन्होंने 10 साल की उम्र में हॉकी खेलना शुरू कर दिया था। राजकुमार का बचपन काफी संघर्षों में बीता है। 12 साल की उम्र में ही उनके पिता का देहांत हो गया था। राजकुमार की मां ने किसी तरह अपने बच्चों का पेट पाला। अब जब वह पेरिस ओलंपिक में भारत के लिए खेलेंगे, तो निश्चित ही पूरे देश को उन पर गर्व होगा।

मां ने निभाई सारी जिम्मेदारी
राजकुमार पाल ने 10 साल की उम्र में ही हॉकी खेलना शुरू कर दिया था। 2011 में एक सड़क हादसे में राजकुमार के पिता कल्पनाथ का निधन हो गया था। बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी राजकुमार की मां पर आ गई। लेकिन उन्होंने कभी अपने बच्चों को असहाय महसूस नहीं होने दिया। उनकी मां मनराजी देवी ने तमाम चुनौतियों के बाद भी सभी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया। राजकुमार और उनके दो भाइयों को सीमित संसाधनों में अच्छी परवरिश दी। वाराणसी से करीब 40 किलोमीटर दूर गाजीपुर के गांव करमपुर में जन्मे राजकुमार मेघबरन स्टेडियम में प्रैक्टिस करते थे। राजकुमार के दोनों भाई जोखन और राजू भी हॉकी खेलते हैं। हालांकि दोनों को कभी भारत के प्रतिनिधित्व का मौका नहीं मिल पाया।

53 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं राजकुमार
राजकुमार पाल ने 2018 में बेल्जियम में पांच देशों के अंडर 23 टूर्नामेंट में खेला था। 2020 में उनका चयन भारतीय टीम में हुआ था। राजकुमार बताते हैं कि उनके गांव से अब तक करीब 400 लड़के हॉकी खेलकर नौकरी पा चुके हैं, लेकिन इस स्तर पर अब तक कोई नहीं खेला है। राजकुमार ने अब तक 53 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। एशिया कप 2022 और एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2021 में भारतीय टीम ने कांस्य पदक जीता था। राजकुमार इन दोनों टूर्नामेंट में भारतीय टीम का हिस्सा थे।

टोक्यो ओलंपिक में नहीं हो पाया था चयन
राजकुमार पाल को पूरी उम्मीद थी कि वह टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए खेलेंगे। लेकिन जब सूची जारी हुई, तब उनका नाम उसमें नहीं था। इसके बाद वह काफी निराश हुए थे। राजकुमार ने उस वक्त को जिक्र करते हुए कहा कि वह दो साल परिवार के लिये बहुत कठिन थे और मुझे लगा था कि अब आगे नहीं खेल पाऊंगा लेकिन मेरे परिवार ने हार नहीं मानी . टोक्यो ओलंपिक में मेरा चयन नहीं हो सका था लेकिन उससे निराश हुए बिना मेहनत की। अब राजकुमार पेरिस ओलंपिक में भारत की तरफ से खेलेंगे। राजकुमार ने कहा कि जब पेरिस के लिए मेरा चयन हुआ, तो मां खूब रोईं थीं।

जनवरी में मिला है लक्ष्मण पुरस्कार
राजकुमार पाल को इसी साल जनवरी में यूपी सरकार की तरफ से लक्ष्मण पुरस्कार मिला है। जब लक्ष्मण पुरस्कार का एलान हुआ, उस वक्त राजकुमार साउथ अफ्रीका के दौरे पर थे। । राजकुमार को लक्ष्मण पुरस्कार मिलने पर मेघबरन स्टेडियम के प्रबंधक पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने भी खुशी जाहिर की थी। राजकुमार 16 सदस्यीय टीम में मिडफील्डर के तौर पर खेलेंगे। गाजीपुर को राजकुमार पाल के रूप में पहला ओलंपियन मिला है। फिलहाल राजकुमार बेंगलुरु में ट्रेनिंग कैम्प अटेंड कर रहे हैं और ओलंपिक की तैयारी कर रहे हैं। 8 जुलाई को राजकुमार हॉलैंड जाएंगे और वहां कुछ प्रैक्टिस मैच खेलेंगे और वहीं से पेरिस के लिए रवाना हो जाएंगे।

Also Read