लखनऊ समेत प्रदेश के इन जिलों छाए बादल : रात को होने लगा गुलाबी ठंड का एहसास, आने वाले दिनों में ऐसा होगा मौसम

UPT | प्रतीकात्मक फोटो

Oct 10, 2024 20:10

 लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बृहस्पतिवार को आसमान में बादल छाए रहे। इससे मौसम में एक सुखद बदलाव देखने को मिला...

national news : लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बृहस्पतिवार को आसमान में बादल छाए रहे। इससे मौसम में एक सुखद बदलाव देखने को मिला। दिनभर धूप-छांव का आलम बना रहा। बादल छाए रहने से गर्मी की तल्खी में कमी आई और मौसम सुहावना हो गया।

बारिश की संभावना नहीं
उत्तर प्रदेश में मानसून के खत्म होने के बाद से तापमान में हल्की गिरावट आना शुरू हो गई है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। अब शरद ऋतु की दस्तक महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में पूरे प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने के आसार हैं। हालांकि, बृहस्पतिवार को लखनऊ सहित अन्य क्षेत्रों में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है।



यह है बदलते मौसम का कारण
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इन बादलों का निर्माण अरब सागर में उठी एक हलचल के कारण हुआ है। अरब सागर में बने एक वेदर सिस्टम से उत्पन्न नमी के चलते प्रदेश में ये बादल छाए हुए हैं, हालांकि इन बादलों से बारिश की संभावना नहीं है।

तापमान में गिरावट का एहसास
लखनऊ में दिन का तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि रात के तापमान में हल्की गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले कुछ दिनों में रातें धीरे-धीरे ठंडी होंगी।
वहीं मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लखनऊ में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे लोगों को ठंड का एहसास और अधिक होगा। इस मौसम परिवर्तन से लोग खुश हैं, क्योंकि यह न केवल गर्मी से राहत दिलाता है, बल्कि त्यौहारों के मौसम में भी आनंदित करता है। 

Also Read