Maharashtra Assembly Election : महाराष्ट्र में अखिलेश यादव ने रखी ये डिमांड, बोले-हम वो लोग हैं जो कभी-कभी कम सीटों पर भी संतुष्ट हो जाते हैं

UPT | सपा प्रमुख अखिलेश यादव।

Oct 20, 2024 01:51

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने राज्य में 12 सीटें मांगी है। उन्होंने कहा कि दो विधायक हमारे हैं और हम वो लोग हैं जो कभी-कभी कम सीटों पर भी संतुष्ट हो जाते हैं। कहा कि बीजेपी को हराना जरूरी है।

Maharashtra Assembly Election : महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है। ऐसे में प्रदेश भर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने महाराष्ट्र में विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) से 12 सीटें मांगी हैं। सपा प्रमुख अखिलेश सिंह यादव ने शनिवार को उत्तर महाराष्ट्र के धुले जिले में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने कुछ सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है, जहां उनके मौजूदा विधायक हैं और उन निर्वाचन क्षेत्रों में भी जहां उन्हें लगता है कि वे मजबूत हैं। बता दें कि महाराष्ट्र के प्रमुख राजनीति दलों बीजेपी, शिवसेना, एनसीपी की महायुति और कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की पार्टी और शरद पवार की पार्टी की महाविकास अघाड़ी के बीच सीट बंटवारे पर बात चल रही है। 

विपक्षी गठबंधन इंडिया का हिस्सा है सपा
इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने राज्य में 12 सीटें मांगी है। उन्होंने कहा कि दो विधायक हमारे हैं और हम वो लोग हैं जो कभी-कभी कम सीटों पर भी संतुष्ट हो जाते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी को हराना जरूरी है। क्योंकि हमारे देश की जो संस्कृति है वह मिली जुली संस्कृति है। महाराष्ट्र का संदेश देश की राजनीति को बदलने वाला संदेश होगा। 
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और गठबंधन ने महाराष्ट्र की जनता को महा दुखी किया है। यहां पर महा भ्रष्टाचार चल रहा है, इन सबका जवाब इस बार जनता देने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा बहुत ही होशियार पार्टी है। हरियाणा में हारी हुई जगह पर उन्होंने सरकार बना ली। इसलिए हम लोगों को सावधान रहकर अपने वोट को बचाकर भी रखना है। 

ऐतिहासिक होने जा रहा है चुनाव
सपा प्रमुख ने कहा कि महाराष्ट्र का ऐतिहासिक चुनाव होने जा रहा है। जहां यह महाराष्ट्र का चुनाव है, वही यह देश का ऐसा चुनाव है जहां के फैसले से महाराष्ट्र और देश की राजनीति बदलने का काम होगा। बीजेपी के लोग हमारे और आपके बीच में नफरत फैलाने का काम करते हैं। समाजवादियों ने बहुत सफाई से यहां पर एक संदेश देने का काम किया है।

20 नवंबर को होंगे विधानसभा चुनाव
महाराष्ट्र में, तीन दल - शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और एनसीपी (एसपी) - जो विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक का भी हिस्सा हैं, एमवीए गठबंधन के हिस्से के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को होंगे और 23 नवंबर को नतीजे आएंगे।

गठबंधन का मिजाज कैसा
2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और एकीकृत शिवसेना ने महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन के हिस्से के रूप में 288 में से 154 सीटें जीती थीं। हालांकि इस बार शिवसेना (यूबीटी), शरद पवार की एनसीपी और कांग्रेस बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन का मुकाबला करने के लिए गठबंधन में हैं। इस साल हुए लोकसभा चुनाव में एमवीए ने राज्य की 48 लोकसभा सीटों में से 30 सीटें जीती थीं। सत्तारूढ़ गठबंधन ने 17 सीटें जीती थीं। एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई थी। 

Also Read