स्क्रैप माफिया का खत्म होता साम्राज्य : गैंगरेप के बाद रवि काना की बर्बादी शुरू, हर घंटे हो रहा एक करोड़ का नुकसान

Uttar Pradesh Times | Ravi Kana

Jan 05, 2024 17:00

स्क्रैप माफिया रवि काना का साम्राज्य खत्म होता जा रहा है। पिछले 100 घंटे के भीतर रवि काना के खिलाफ बड़े-बड़े एक्शन लिए गए हैं।

Greater Noida News : स्क्रैप माफिया रवि काना का साम्राज्य खत्म होता जा रहा है। पिछले 100 घंटे के भीतर रवि काना के खिलाफ बड़े-बड़े एक्शन लिए गए हैं। बताया जा रहा है कि ऐसे विपरीत समय में रवि काना की पत्नी और दोनों गर्लफ्रेंड ने भी साथ छोड़ दिया। पिछले 100 घंटे के दौरान रवि काना की करीब 100 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी जब्त की गई। इस हिसाब से हर घंटे में रवि काना का एक करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है। सीधे तौर पर कहा जाए तो रवि काना की आपराधिक दुनिया खत्म हो रही है। 

1 जनवर से 5 जनवरी तक हुआ कितना नुकसान
जब से रवि काना ने नोएडा की युवती के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया, तब से उसके उल्टे दिन शुरू हो गए। सबसे पहले 1 जनवरी की रात को रवि काना की पिस्टल, स्कॉर्पियो गाड़ी और लाखों का कैश जब्त किया गया। अगले दिन 2 जनवरी 2024 को रवि काना और उसके 16 साथियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। जिसमें रवि काना के अलावा उसकी बीवी मधु और प्रेमिका काजल झा का नाम शामिल है। बीते 1 जनवरी से रवि को गिरफ्तार करने के लिए 8 टीम में लगी हुई है। रातभर रवि काना के ठिकानों पर छापेमारी की गई। उसके बाद 3 जनवरी की सुबह रवि काना की 100 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी को सील किया गया। जिसमें कई कंपनियों, ट्रक और अन्य गाड़ियों को सील किया गया।

प्रेमिका पर भी चला नोएडा पुलिस का चाबुक
बीते 4 जनवरी को रवि काना की प्रेमिका काजल की दिल्ली में स्थित कोठी को सील किया गया। काजल की दिल्ली में स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में कोठी है, जिनको पुलिस ने सील किया। इस कोठी की कीमत करीब 80 करोड़ रुपए है। उसके बाद 5 जनवरी को रवि काना और उसकी कंपनियों के 4 बैंक अकाउंट फ्रीज किए गए। रवि काना गैंग के सदस्यों के नाम पर हथियारों के लाइसेंस को निरस्त कर दिया गया।

हरेंद्र प्रधान का भाई है रवि काना
आपको बता दें कि रवि काना दादूपुर गांव के पूर्व प्रधान हरेंद्र नागर का छोटा भाई है। वर्ष 2015 में हरेंद्र प्रधान की हत्या के बाद रवि काना और हरेंद्र नागर की पत्नी बेवन नागर को पुलिस सुरक्षा दी गई थी। उस दौरान कहा गया था कि रवि काना, राजकुमार और बेवन नागर को जान का खतरा है। जिसके बाद रवि काना के साथ राजकुमार और बेवन नागर को सरकारी गनर मिले। रवि काना के खिलाफ नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई थानों में काफी संगीन मुकदमे दर्ज हैं।

रवि काना की भाभी भाजपा नेत्री
स्क्रैप माफिया रवि काना की भाभी बेबन नागर भारतीय जनता पार्टी की नेत्री है। कुछ महीना पहले बेबन नागर को ग्रेटर नोएडा में ऊर्जा मंत्री ने भारतीय जनता पार्टी सदस्यता दिलवाई थी। उससे पहले बेबन नागर समाजवादी पार्टी की नेत्री थी। वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव में बेबन नागर समाजवादी पार्टी के टिकट पर जेवर से चुनाव लड़ने वाली थी। बताया जाता है कि रवि काना और उसके परिवार के सम्बन्ध शिवपाल यादव से काफी करीबी है। काफी बार शिवपाल यादव इनके दादूपुर गांव में स्थित घर भी आ चुके हैं, लेकिन जैसे ही उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार आई तो उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया।

Also Read