UPT रियलिटी चेक : समाजवादी पार्टी ने वरुण गांधी को दिया टिकट! जानें पूरा सच...

UPT | समाजवादी पार्टी ने वरुण गांधी को दिया टिकट

Mar 17, 2024 16:40

रविवार को सपा की ओर से वरुण गांधी को पीलीभीत से प्रत्याशी बनाए जाने से संबंधित सूची वायरल हो गई। इससे सियासी गलियारों में गर्माहट बढ़ गई। उत्तर प्रदेश टाइम्स ने इसकी पड़ताल की।

Noida / Lucknow : भाजपा की ओर से दो बार प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद भी दिग्गज नेता वरुण गांधी का नाम न आने से सस्पेंस बना हुआ है। रविवार को सपा की ओर से वरुण गांधी को पीलीभीत से प्रत्याशी बनाए जाने से संबंधित सूची वायरल हो गई। इससे सियासी गलियारों में गर्माहट बढ़ गई। उत्तर प्रदेश टाइम्स ने इसकी पड़ताल की।

पीलीभीत पर सस्पेंस
भारतीय जनता पार्टी में पीलीभीत संसदीय सीट के लिए टिकट के लिए वरुण गांधी के अलावा केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, पूर्व सांसद बलराज पासी, पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा, पूर्व विधायक किशनलाल राजपूत दावेदार हैं। इसी बीच सपा की ओर से इस सीट पर वरुण गांधी को उतारे जाने की चर्चाएं सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।
 
सपा ने क्या कहा-
इस बारे में समाजवादी पार्टी के शीषस्थ नेताओं से उत्तर प्रदेश टाइम्स ने बात की। सूत्रों ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने वरुण गांधी को टिकट देने का कोई ऐलान पार्टी ने नहीं किया है। सपा नेताओं का कहना है कि इसे भ्रम फैलाने के लिए जारी किया गया है। आपको बता दें कि पीलीभीत में सपा खेमे से भगवत शरण गंगवार और जयेश प्रसाद समेत कई टिकट के दावेदार हैं। रविवार को वायरल हो रही फेक सूची में पीलीभीत के अलावा जौनपुर और मछलीशहर सीट से भी प्रत्याशियों का नाम शामिल किया गया है। उत्तर प्रदेश टाइम्स की पड़ताल के मुताबिक, यह सूची पूरी तरह फेक है।

Also Read