राज्यसभा चुनाव : उत्तर प्रदेश में बीजेपी कोटे से राज्यसभा जा रहे ये सात नेता, पढ़िये इन चेहरों में क्या है खास

UPT | बीजेपी कोटे से राज्यसभा जा रहे ये नेता

Feb 12, 2024 13:27

आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बीते रविवार को अपने 14 उम्मीदवारों के नाम घोषित किये हैं। जिनमें से 7 उम्मीदवारों का नाता...

Lucknow News : आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बीते रविवार को अपने 14 उम्मीदवारों के नाम घोषित किये हैं। जिनमें से 7 उम्मीदवारों का नाता यूपी से हैं। दरअसल जो सात नाम पार्टी ने घोषित किए गए हैं उसे समाजवादी पार्टी के ‘पीडीए’ की काट के रूप में भी देखा जा रहा है। भाजपा ने राज्यसभा के उम्मीदवारों का चयन करने में पिछड़ी जातियों को विशेष महत्व दिया है।

कांग्रेस छोड़कर आरपीएन सिंह ने थामा था बीजेपी का दामन
उम्मीदवारों की लिस्ट में कांग्रेस छोड़कर आए आरपीएन सिंह का नाम पहले नंबर पर है। ऐसा कहा जा रहा था कि भाजपा इन्हें कुशीनगर से मैदान में उतारेगी लेकिन पार्टी ने राज्यसभा भेजने का फैसला किया है। 2022 चुनाव के पहले आरपीएन सिंह ने भाजपा का दामन थामा था। आरपीएन सिंह राजघराने से आते हैं और इलाके में राजा साहब के नाम से जाने जाते हैं।

जाट बिरादरी का प्रमुख चेहरा हैं चौधरी तेजवीर
चौधरी तेजवीर सिंह मथुरा के रहने वाले हैं और इनका नाता जाट बिरादरी से हैं। ये 3 बार भाजपा के सांसद रह चुके हैं। जिसके बाद बीजेपी ने इस बार राज्यसभा के लिए इनके नाम पर मुहर लगाई है।

अमरपाल मौर्य का केशव मौर्य से खास नाता है
अमरपाल मौर्य बिरादरी से आते हैं और संगठन में प्रदेश महामंत्री पद पर तैनात हैं। ये केशव मौर्य के बेहद करीबी माने जाते हैं। पिछड़ा वर्ग से आने वाले अमरपाल मौर्य 2022 विधानसभा चुनाव में ऊंचाहार से चुनाव हार गए थे। 

बिंद मल्लाह बिरादरी से नाता रखती हैं संगीता बलवंत
संगीता बलवंत गाजीपुर शहर से विधायक रह चुकी हैं। हालांकि पिछला चुनाव हार गई थी लेकिन बीजेपी ने पूर्वांचल में बिंद-निषाद और मल्लाह बिरादरी पर दांव लगाया है। संगीता बलवंत योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की पिछली सरकार में सहकारिता राज्य मंत्री थीं और 2022 के विधानसभा चुनाव में वह गाजीपुर सदर सीट से 1600 मतों से पराजित हुई थीं।

दूसरी बार राज्यसभा जाएंगे सुधांशु त्रिवेदी
सुधांशु त्रिवेदी ब्राह्मण हैं और बीजेपी के ऐसे प्रवक्ता हैं जिनकी खूब चर्चा होती है। अक्टूबर 2019 में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए त्रिवेदी की पहचान एक विश्लेषक, विचारक और राजनीतिक सलाहकार के तौर पर की जाती है।

तेज तर्रार महिला नेताओं में शुमार हैं साधना सिंह
साधना को तेज तर्रार महिला नेताओं में शुमार किया जाता है। साधना सिंह ने 2017 विधानसभा चुनाव में मुगलसराय विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बाबूलाल यादव को हराकर जीत हासिल की थी। साधना सिंह की उम्र तकरीबन 47 साल है। शिक्षा दीक्षा की बात करें तो इन्होंने संपूर्णानंद संस्कृत यूनिवर्सिटी वाराणसी से 1997 में ग्रेजुएशन की शिक्षा प्राप्त की है।

आगरा के मेयर रह चुके नवीन जैन
नवीन जैन बीजेपी के पूर्व कोषाध्यक्ष हैं, आगरा से मेयर रह चुके हैं और एक बड़ी कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक कह जाते हैं।

Also Read