प्रतापगढ़ में सपा सुप्रीमो : जनसभा में जनसत्ता दल के कार्यकर्ता भी हुए शामिल, अखिलेश बोले- जो नाराज थे अब वह भी साथ हैं

UPT | प्रतापगढ़ में अखिलेश यादव

May 23, 2024 15:18

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रतापगढ़ में आयोजित अपनी चुनावी रैली में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में भाजपा ने जनता से किए गए अपने हर वादे को टाला और उनसे धोखा किया। अखिलेश यादव ने दावा किया...

Pratapgarh News : समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रतापगढ़ में आयोजित अपनी चुनावी रैली में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में भाजपा ने जनता से किए गए अपने हर वादे को टाला और उनसे धोखा किया। अखिलेश ने दावा किया कि इस बार प्रतापगढ़ से भाजपा प्रत्याशी लाखों वोटों से हार रहे हैं और यहां तक कि भाजपा सांसद भी इस हार के डर से रोने लगे हैं। वहीं इस जनसभा के दौरान राजा भैया की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी पूरा दमखम दिखाया। जिसके बाद भाजपा की टेंशन बढ़ना तय माना जा रहा है।

भाजपा पर साधा निशाना
जनसभा के दौरान सपा मुखिया ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, "दिल्ली वाले शहजादे-शहजादे करते हैं। यही शहजादे शह भी देंगे और मात भी। अब जनता इनसे अपने वोटों के माध्यम से हिसाब-किताब करने जा रही है।" अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा ने बड़े उद्योगपतियों का कर्ज माफ किया, लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। उन्होंने कहा, "हम अपने किसानों का कर्ज पूरा का पूरा माफ करेंगे। इन्होंने बड़े-बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ किए हैं। हम किसानों को विश्वास दिलाते हैं कि उनका पूरा कर्ज माफ करेंगे। उन्हें एमएसपी दिलाएंगे।"

सपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने की अपील
इस मौके पर एक अहम राजनीतिक उलटफेर भी देखने को मिला। प्रतापगढ़ के राजा भैया की पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के कई समर्थक झंडे लेकर रैली में शामिल हुए और सपा प्रत्याशी को वोट देने की अपील की। हालांकि, अखिलेश ने राजा भैया का नाम लिए बिना ही कहा, "हमें चारों तरफ से समर्थन मिल रहा है...जो लोग थोड़ा बहुत नाराज रहते थे, वो लोग भी आज साथ आ गए हैं।" अखिलेश ने प्रतापगढ़ रैली में कई और मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार आने पर वे पुलिस व्यवस्था को मजबूत करेंगे और फिर से 100 नंबर की पुलिस व्यवस्था लागू करेंगे। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल उठाए। कहा कि भाजपा ने अस्पतालों की व्यवस्था खराब कर दी है, जबकि सपा ने निःशुल्क इलाज की व्यवस्था शुरू की थी।

महंगाई पर खड़े किए सवाल
वहीं, आरोग्य सेतु ऐप और कोविड वैक्सीन के मुद्दे पर भी अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोगों को जबरन वैक्सीन लगवाई गई जिससे कई जानें भी गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चंडीगढ़ में भाजपा ने चुनाव में गड़बड़ी की और मणिपुर में महिलाओं का अपमान किया गया। अखिलेश यादव ने लोगों से वादा किया कि अगर सत्ता में आए तो वे जनता के हितों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने महंगाई पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि भाजपा की नीतियों की वजह से आम चीजें भी महंगी हो गई हैं। वहीं इस रैली के बाद माना जा रहा है कि छठे चरण के मतदान से पहले राजनीति उथल-पुथल तय है। जिसके चलते इस लोकसभा सीट पर बदलाव की संभावनाएं तेज हो गई हैं।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर कसे तंज
अखिलेश ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, सुनने में आया है कि जनता का गुस्सा देखकर भाजपा प्रत्याशी के आंखों से आंसू निकल आए। यह चुनाव हमारे आपके भविष्य का चुनाव है। हमारी आपकी पीढ़ी का चुनाव है। ये लोग 400 पार का नारा देकर संविधान बदलना चाहते थे। बोले, हमने एंबुलेंस दी थी, इन्होंने एंबुलेंस तो खराब कर दी। साथ ही अस्पताल की व्यवस्था भी खराब कर दी। अब देखिए जान का खतरा हो गया कि नहीं हो गया। जनसभा के दौरान सपा कार्यकर्ताओं को लेकर खासी सुरक्षा व्यवस्था भी देखने को मिली। जहां पहले दो जनसभाओं के दौरान सपा समर्थकों का बवाल और हंगामा देखा गया, वहीं इस बार पुलिस फोर्स की खासी व्यवस्था की गई।

Also Read