सहारनपुर में मुस्लिम महिलाओं का प्रदर्शन : पैगंबर के खिलाफ टिप्पणी पर जताया विरोध, सीएम योगी से की नरसिंहानंद पर एक्शन की मांग

UPT | सहारनपुर में मुस्लिम महिलाओं का प्रदर्शन

Oct 14, 2024 14:55

सहारनपुर में रविवार को लगभग 200 मुस्लिम महिलाएं और 20-25 बच्चों ने एकजुट होकर सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।

Saharanpur News : सहारनपुर में रविवार को लगभग 200 मुस्लिम महिलाएं और 20-25 बच्चों ने एकजुट होकर सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। बुर्का पहने महिलाएं हाथों में तिरंगा झंडा और 'आई लव नबी' के पोस्टर लिए हुए थीं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने जोरदार नारेबाजी की और अपने नबी पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणियों के खिलाफ आवाज उठाई।

ये भी पढ़ें : योगी सरकार के मंत्री संजय सिंह का बेतुका बयान : कहा- गाय पर हाथ फेरने से बीपी और कैंसर से... 

सीएम योगी ने की नरसिंहानंद पर एक्शन मांग
यह प्रदर्शन जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर नरसिंहानंद के खिलाफ आयोजित किया गया। महिलाओं ने कहा कि नबी के खिलाफ किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नरसिंहानंद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का कहना था कि हम अपने नबी के खिलाफ कुछ भी गलत नहीं सुन सकते हैं और इस मुद्दे पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

महिलाओं ने शांतिपूर्ण तरीके से किया विरोध
पिछले रविवार (6 अक्टूबर) को भी यति नरसिंहानंद के खिलाफ सहारनपुर के शेखपुरा में मुस्लिम समुदाय के लगभग 2,000 लोग सड़क पर उतरे थे। उस समय प्रदर्शनकारियों ने पुलिस चौकी पर पथराव किया था, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया था। इस बार भी महिलाओं ने अंबेहटा पीर में एकत्रित होकर शांतिपूर्ण तरीके से अपने विरोध को प्रकट किया।



बोलीं-नबी के खिलाफ बोले, वह हमें बर्दाश्त नहीं
महिलाओं ने माइक पर नारे लगाते हुए कहा, "अगर कोई हमारे नबी के खिलाफ कुछ भी बोलेगा, तो हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम किसी के लिए कुछ नहीं बोलते, इसलिए कोई हमारे नबी या धर्म पर कुछ न बोले।" उन्होंने नरसिंहानंद की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि हमें सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है क्योंकि हमारे नबी हमारे लिए सब कुछ हैं।

थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के अंत में, मुस्लिम महिलाओं ने अंबेहटा पीर थाना प्रभारी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ से अपनी मांगें रखने का अनुरोध किया। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि ज्ञापन को डीएम के पास भेजा जाएगा और उनकी बात को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। 

ये भी पढ़ें:- यूपी विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ी खबर : दिल्ली में बीजेपी की बैठक में लिया गया अहम फैसला, भाजपा के 9 प्रत्याशी फाइनल, मीरापुर सीट आरएलडी के खाते में

Also Read