Saharanpur News : सड़क हादसे में किशोर की मौत, इकलौते बेटे की मौत पर मची चीख-पुकार

UPT | प्रतीकात्मक फोटो

Aug 11, 2024 23:21

देहरादून हाईवे पर कार की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। कार चालक अपना चार पहिया वाहन घटनास्थल पर ही छोड़कर...

Saharanpur News : देहरादून हाईवे पर कार की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। कार चालक अपना चार पहिया वाहन घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। एकलौते बेटे की मौत होने पर परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक, जिले के छुटमलपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर कलां का रहने वाले धर्मेंद्र कश्यप लोक निर्माण विभाग में कर्मचारी हैं। शनिवार को उनका इकलौता बेटा विकास कश्यप (15) बागड़ यात्रा से घर वापस लौट रहा था। रविवार को उसकी कंदूरी का उत्सव चल रहा था। घर में रिश्तेदारों तथा गांव के लोगों की भीड़ लगी थी। इसी दौरान विकास अपने चचेरे भाई शुभम के साथ बाइक पर गांव के बाहर से गुजर रहे छुटमलपुर देहरादून हाईवे की तरफ चला गया। 

कार छोड़कर चालक हुआ फरार
गांव से करीब एक किलोमीटर दूर हाईवे पर उत्तराखंड के हरिद्वार जिले की सीमा में एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विकास बुरी तरह से जख्मी हो गया। सड़क पर गुजर रहे राहगीरों ने उसे आनन फानन में फतेहपुर सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ड्राइवर कार को वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया है। शुभम सकुशल है।

कंदूरी का उत्सव मातम में बदला
विकास अपने मां-बांप का इकलौता बेटा था। उसकी एक छोटी बहन है। विकास की मौत के बाद कंदूरी का उत्सव मातम में बदल गया। परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को घर ले गए। देर शाम गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, पुलिस ने बताया कि यदि तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।

Also Read