Chandauli News : मुगलसराय में इंटर कालेज के संचालक के पुत्र की हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच

UPT | मृतक की फाइल फोटो

Oct 12, 2024 15:28

मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव स्थित उदित नारायण इंटर कालेज के संचालक के 35 वर्षीय पुत्र की सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी गई। युवक शुक्रवार की रात खून से लथपथ हाल में विद्यालय परिसर में मिला।

Chandauli News : मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव स्थित उदित नारायण इंटर कालेज के संचालक के 35 वर्षीय पुत्र की हत्या का मामला सामने आया है। शुक्रवार की रात खून से लथपथ हालत में युवक का शव विद्यालय परिसर में मिला। मृतक की पहचान रोहित प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जो कि विद्यालय में लिपिक के रूप में कार्यरत था और बच्चों को कोचिंग भी पढ़ाता था।  

सुबह करीब दस बजे निकला था घर से
परिजनों के अनुसार, रोहित शुक्रवार सुबह करीब दस बजे घर से निकला था, लेकिन जब देर शाम तक वह घर वापस नहीं लौटा, तो परिवार के सदस्य चिंतित हो गए। रात के समय रोहित के दोनों भाई उसे खोजने निकले और विद्यालय पहुंचे, जहां उन्हें रोहित खून में लथपथ अवस्था में मिला। सिर पर गंभीर चोटें लगी थीं। परिवार ने तुरंत उसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।  



पुलिस मौके पर पहुंची
इस घटना की जानकारी मिलते ही लंका थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार सुबह सीओ पीडीडीयू नगर आशुतोष और प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह फोरेंसिक टीम के साथ विद्यालय पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आवश्यक पूछताछ भी की। मृतक के पिता ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।  

मामले का खुलासा करने का आश्वासन
पुलिस अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की गहराई से जांच की जा रही है, और विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। इस हत्या ने पूरे परिवार में कोहराम मचा दिया है, और इलाके में भी भय का माहौल बन गया है। पुलिस ने हत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है, और जल्द ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।

Also Read