स्वच्छता ही सेवा अभियान शुरू : मंत्री ने झाड़ू लगाकर सफाई का संदेश देकर शपथ दिलाई, गांधी जयंती तक चलेगा कार्यक्रम

UPT | स्वच्छता अभियान चलाते राज्य मंत्री रवीन्द्र जायसवाल व अन्य।

Sep 19, 2024 22:12

गांधी जयंती तक चलने वाले स्वच्छता ही सेवा-2024 अभियान की शुरुआत रेवतीपुर रामलीला मैदान में हुई। उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग, रवीन्द्र जायसवाल ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।

Ghazipur News : 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2024 तक चलने वाले ‘स्वच्छता ही सेवा-2024’ अभियान की शुरुआत रेवतीपुर रामलीला मैदान में हुई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग, रवीन्द्र जायसवाल ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को 'स्वच्छता शपथ' दिलाई और इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की। इस वर्ष का अभियान ‘स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता’ थीम पर आधारित है।

स्वच्छता हर नागरिक की जिम्मेदारी
प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि स्वच्छता हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है और इसे केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों और सफाई कर्मचारियों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल हों और इसे सफल बनाएं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अभियान के बाद भी लोगों को अपने घरों और आस-पास की जगहों को स्वच्छ रखने की आदत डालनी चाहिए और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए। उनका मानना है कि यह अभियान स्वच्छता को व्यवहार का हिस्सा बनाने के लिए चलाया जा रहा है और इसकी सफलता में जन भागीदारी अहम है।

जनपद में व्यापक स्वच्छता अभियान
जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने कहा कि इस स्वच्छता अभियान के तहत गाज़ीपुर जिले में बड़े पैमाने पर नागरिकों की भागीदारी होगी। विशेष रूप से उन स्थलों को चिन्हित किया जाएगा जहां परंपरागत रूप से कचरा जमा होता है और वहां स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों के योगदान को भी सराहा और सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वच्छता को अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बनाएं।

स्कूलों में भी जागरूकता कार्यक्रम
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि इस अभियान के दौरान स्कूलों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा ताकि बच्चों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा सके। 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती तक, प्रत्येक दिन अलग-अलग थीम पर स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और इस अभियान को व्यापक रूप से संचालित किया जाएगा। 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार, उपजिलाधिकारी संजय यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी अंशुल मौर्य, खण्ड विकास अधिकारी रेवतीपुर और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। 

Also Read